पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर भाजपा पर सीएम भजनलाल शर्मा को हटाने का आरोप लगा कर भाजपा में हलचल पैदा कर दी है। गहलोत ने शनिवार को जोधपुर में कांग्रेस की आयोजित संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पता नहीं भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री रहेंगे या नहीं, कौन रहेगा कौन जाने।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी आरएसएस के कट्टर कार्यकर्ता हैं। हमने सुना है कि उनका नाम भी मुख्यमंत्री की दौड़ आगे चल रहा है। अब पता नहीं भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री रहेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल चुनी हुई सरकारों में दखल दे रहे हैं। संविधान में इन्दिरा गांधी ने समाजवाद व धर्मनिरपेक्षता को जुड़वाया था। अब आरएसएस इसे हटाने की बात कर रही है। लेकिन मुख्यमंत्री इस खतरे को समझ नहीं पा रहे हैं।
वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गहलोत के बयान पर सफाई देते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री को हटाने का कोई षड्यंत्र नहीं चल रहा है। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है और केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार अच्छा काम कर रही है। दूसरी ओर भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने भी गहलोत के बयान पर सफाई दी है कि ‘हम रोज मुख्यमंत्री नहीं बदलते। चुनाव के आधार पर ही बदलाव होता है। आज हमारे मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा हैं, कल भी वही रहेंगे। हम रोज-रोज मुख्यमंत्री नहीं बदलते।