C M NEWS: नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक से खुलेगा नया अध्याय: मुख्यमंत्री 

0
2

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान और नए नवाचारों का एक सशक्त मंच बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन से देश-विदेश के नेत्र विशेषज्ञों के बीच आपसी सहयोग प्रगाढ़ होगा और चिकित्सा जगत में तकनीक के नए युग की शुरुआत होगी। श्री शर्मा गुरुवार को जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी की 84वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

नया भारत और नई दृष्टि का संकल्प—

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ‘AIOC 2026’ मात्र एक सम्मेलन नहीं, बल्कि एक नई दृष्टि, नई सोच और नए भारत के निर्माण का संकल्प मंच है। उन्होंने कहा कि यहाँ होने वाली चर्चाएं और शोध के निष्कर्ष नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखेंगे। इस कॉन्फ्रेंस का मूल मंत्र ‘हेल्थी आईज-हैप्पी लाईव्स’ है, जो हमारी सामाजिक सोच की एक अद्भुत मिसाल पेश करता है।

सरकारी अस्पतालों में लागू होंगी नई तकनीकें—

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिकरण पर जोर देते हुए घोषणा की कि इस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सामने आने वाली नई तकनीकों, दवाओं और उन्नत शल्य चिकित्सा पद्धतियों को प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में प्राथमिकता से अपनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्थान सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए हर संभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराएगी।

इस 84वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस में देशभर के हजारों नेत्र रोग विशेषज्ञ, शोधकर्ता और चिकित्सा जगत की दिग्गज हस्तियां भाग ले रही हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, रेटिना की बीमारियों और लेजर सर्जरी जैसी अत्याधुनिक पद्धतियों पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने अंत में आह्वान किया कि चिकित्सक समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व को समझते हुए नवाचारों का लाभ आम जनता तक पहुँचाएं। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य और उद्देश्यपूर्ण आयोजन के लिए बधाई भी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here