C M NEWS: हमारी सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित है —मुख्यमंत्री

0
2

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारे देश की आधी आबादी महिलाओं के सशक्तीकरण से ही देश का विकास संभव है। महिला हमारे परिवार का आधार है और राष्ट्र निर्माण की सच्ची शिल्पकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिला शक्ति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और हमारी सरकार भी महिला उत्थान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार अरावली पर्वतमाला के संरक्षण के लिए संकल्पित है। इस पर्वतमाला में किसी भी तरह की छेड़खानी नहीं होने दी जाएगी।
श्री शर्मा सोमवार को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में झालावाड़ के दुधालिया में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरा रानी पद्मिनी, रानी कर्णावती, हाड़ी रानी जैसी वीरांगनाओं की धरा है। इनके शौर्य एवं पराक्रम से राजस्थान वीरभूमि बना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गौरवशाली 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हम प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाकर गरीब, युवा, महिला और किसान सहित हर वर्ग से संवाद कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम एक सम्मेलन नहीं बल्कि नारी शक्ति के सम्मान का उत्सव है।

मुख्यमंत्री ने की विभिन्न घोषणाएं-
श्री शर्मा ने बारां-झालावाड़ के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए 100 हैंडपंप, 50 ट्यूबवेल और 25 किलोमीटर पाइपलाइन से संबंधित कार्यों की घोषणा की। उन्होंने डग चौमहला क्षेत्र में छोटी कालीसिंध नदी पर बांध बनाने के लिये डीपीआर शीघ्र तैयार करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि डग में स्थित पशु अनुसंधान केन्द्र में स्वदेशी गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र में मालवी और गिर गौवंश सहित अन्य स्थानीय नस्लों के संरक्षण, उन्नयन एवं सुधार के कार्य होने के साथ ही आधुनिक डेयरी, प्रजनन, कृत्रिम गर्भाधान आदि अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस परियोजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। वे केवल घर ही नहीं संभालती बल्कि देश-प्रदेश को सशक्त करने में भी अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं। विशेष तौर पर ग्रामीण महिलाएं अपने सीमित संसाधनों में भी परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को संवारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खुरपी और दरांती से काम करने वाली महिलाओं के हाथ में आज टैबलेट और लैपटॉप आ गया है। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही है तथा सामाजिक बदलाव की अग्रदूत भी बन रही हैं।

झालावाड़ के विकास को दी गति-
श्री शर्मा ने कहा कि हमने पिछले दो साल में झालावाड़ के विकास को गति प्रदान करने के लिए लगभग 1 हजार 900 करोड़ रुपये की लागत के 52 हजार से अधिक कार्य करवाए हैं। जिले में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लगभग ढ़ाई हजार करोड़ रुपये की राशि डीबीटी की गई है। उन्होंने कहा कि परवन वृहद् बहुद्देशीय सिंचाई परियोजना के बांध एवं टनल निर्माण, मनोहरथाना वृहद सिंचाई परियोजना के लिए 1 हजार 900 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति सहित अनेक विकास कार्य जिले में करवाए गए हैं। इसी तरह डग विधानसभा में भी सड़क, विद्युत, बुनियादी ढांचा, चिकित्सा, शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
वहीं इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने कहा कि जनप्रिय मुख्यमंत्री प्रदेश को नई ऊचाईयों पर ले जाने के सार्थक प्रयास कर रहे हैं। आज हमारा प्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से राज्य में महिला सशक्तीकरण को नई गति प्रदान की है। छात्राओं को स्कूटी वितरण, पीएम किसान सम्मान निधि और सीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत वार्षिक 9 हजार रुपये देने के साथ ही पेपरलीक पर सख्ती से लगाम लगाई है। झालावाड़ को भी विकास कार्यों की कई सौगातें दी गई हैं। सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने राज्य सरकार के उल्लेखनीय कार्यों को रेखांकित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here