Jaipur News: परीक्षा फर्जीवाड़े पर SOG का बड़ा प्रहार, SI और BSTC भर्ती के 27 आरोपी गिरफ्तार

0
4
AI Photo

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ मुख्यमंत्री के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। SOG ने एसआई (SI) भर्ती परीक्षा और BSTC परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 27 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

15 आरोपी गिरफ्तार—

एडीजी (SOG) विशाल बंसल के अनुसार, SI भर्ती परीक्षा के दौरान डमी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा पास करने की कोशिश करने वाले 13 मूल अभ्यर्थियों और 2 डमी अभ्यर्थियों सहित कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर और टोंक के रहने वाले हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। जांच में सामने आया है कि इन अभ्यर्थियों ने मोटी रकम देकर अपनी जगह पेशेवर डमी परीक्षार्थियों को बिठाया था।

BSTC परीक्षा में भी कार्रवाई—

SOG की टीम ने केवल SI भर्ती ही नहीं, बल्कि बीएसटीसी (प्री डीएलएड/बीएलएड) परीक्षा 2019-20 में हुए फर्जीवाड़े की जांच करते हुए 12 मूल अभ्यर्थियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें से 11 आरोपी उदयपुर के और 1 भरतपुर का निवासी है।

अशोक सारण की गिरफ्तारी से खुला राज—

इस पूरे खेल का खुलासा साल 2021 में पाली के रोहट थाने में कुख्यात नकल माफिया अशोक सारण की गिरफ्तारी के बाद हुआ था। सारण से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर SOG ने नए सिरे से मामले दर्ज कर जांच शुरू की, जिससे इस संगठित गिरोह की परतें खुलती चली गईं।

एडीजी विशाल बंसल ने स्पष्ट किया कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई से प्रदेश के मेहनती युवाओं में न्याय की उम्मीद जगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here