C M NEWS: महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण का संगम —मुख्यमंत्री 

0
3

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को हनुमानगढ़ के प्रवास पर रहे। यहाँ आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मिलित होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के अन्नदाताओं से सीधा संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों पर जमीनी फीडबैक लिया।

किसानों ने जताया आभार: गेहूं पर बोनस और नहरी सुधार की सराहना—

मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला। किसानों ने राज्य सरकार द्वारा बजट में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा का स्वागत किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को गेहूं की बालियों से बना गुलदस्ता भेंट कर अनूठे अंदाज में उनका अभिनंदन किया। अन्नदाताओं ने कहा कि इस निर्णय से उनकी आय में प्रत्यक्ष वृद्धि होगी और खेती के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

बिजली और पानी पर विशेष चर्चा—

मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ एक अनौपचारिक और सार्थक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने खेती-किसानी से जुड़े प्रमुख विषयों जैसे—नियमित बिजली आपूर्ति, नहरों का सुदृढ़ीकरण और सिंचाई जल की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की।

विशेष रूप से फिरोजपुर फीडर की पानी वहन क्षमता बढ़ाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने किसानों से सुझाव लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नहरी तंत्र में सुधार करना और टेल (अंतिम छोर) तक पानी पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा, “किसानों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को समझना और मौके पर ही समाधान की राह निकालना हमारी कार्यशैली का हिस्सा है।”

किसानों के योगदान की सराहना—

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों को ‘राजस्थान का अन्न का कटोरा’ बताते हुए यहाँ के किसानों के पुरुषार्थ की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में इस क्षेत्र का अतुलनीय योगदान है। राज्य सरकार किसानों को न केवल आर्थिक संबल दे रही है, बल्कि आधुनिक तकनीक और सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर सार्थक प्रयास कर रही है।

महिला सशक्तिकरण का संदेश—

इससे पूर्व, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ‘आधी आबादी’ के उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के संकल्प को साझा किया।

इस दौरे ने न केवल हनुमानगढ़ के नहरी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगाई है, बल्कि यह भी स्पष्ट किया है कि प्रदेश की भजनलाल सरकार ‘किसान’ और ‘नारी शक्ति’ को केंद्र में रखकर अपनी विकास नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here