Rajasthan News: महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय विधेयक- 2025 ध्वनिमत से पारित, आमेर में बनेगा विश्वविद्यालय

0
3

जयपुर के आमेर में महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय की स्थापना होगी। इसके लिए लगभग 2 लाख वर्ग मीटर भूमि चिन्हित कर ली गई है। वहां चारदीवारी का निर्माण भी शुरू हो गया है। इसकी स्थापना में 101 करोड़ रूपए से अधिक की लागत आएगी। इस विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स साइंसेज, स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स कोचिंग, स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन, स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन, स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्कूल ऑफ एंडवेंचर स्पोर्ट्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अध्ययन व प्रशिक्षण प्राप्त कर नवाचार कर सकेंगे। साथ ही, बॉयो मैकेनिक्स, फिजियोथैरेपी, स्पोर्ट्स साइकोलॉजी, डेटा एनालिसिस, स्पोर्ट्स मेडिसिन और न्यूट्रिशन साइंस में कॅरियर बनाने में भी यह विश्वविद्यालय मददगार बनेगा। विधान सभा में मंगलवार को महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय जयपुर विधयेक, 2025 ध्वनिमत से पारित हुआ। विधेयक पर चर्चा के बाद युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि इसकी स्थापना के लिए बजट वर्ष 2024-25 में घोषणा की गई थी। इसके जरिए शारीरिक शिक्षा और खेलकूद के क्षेत्र में शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रशिक्षक और खेल विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे।

इस विश्वविद्यालय का अधिकार क्षेत्र सम्पूर्ण राज्य रहेगा। इससे राज्य में खुलने वाले कोई भी खेल महाविद्यालय संबद्ध हो सकेंगे। शुरूआत में सभी सम्भागों से 1-1 खेल महाविद्यालय संबद्ध करने का प्रावधान किया गया है। यह विश्वविद्यालय राज्य सरकार के अधिसूचित शारीरिक शिक्षा महाविद्यालयों, खेल अकादमियों व सम्बन्धित संस्थानों के साथ ही राजकीय, निजी एवं अन्य खेल महाविद्यालयों को सम्बद्ध कर सकेगा। यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति और खेलो भारत नीति के उद्देश्यों का पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।

कुलगुरू की अध्यक्षता में बनेगा प्रबंध बोर्ड—

विश्वविद्यालय में कुलगुरू की अध्यक्षता में प्रबंध बोर्ड गठित होगा। इसमें वित्त, उच्च शिक्षा, विद्यालय शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा के प्रमुख शासन सचिव, राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद के अध्यक्ष, राजस्थान विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा निदेशक, प्रतिकुलगुरू और विश्वविद्यालय के कुल सचिव (सदस्य सचिव) पदेन सदस्य होंगे। इसमें कुलाधिपति द्वारा नामित शिक्षाविद्, दो विश्वविद्यालयों के आचार्य, पुरस्कृत दो खिलाड़ी सहित अन्य भी नामित सदस्य होंगे।

सलाहकार परिषद का होगा गठन—

विश्वविद्यालय के लिए एक सलाहकार परिषद का गठन होगा। इसमें कुलाधिपति से नियुक्त राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त व्यक्ति समिति के अध्यक्ष होगा। इनके साथ कुलगुरू, युवा मामले एवं खेल विभाग के प्रमुख शासन सचिव, राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद के अध्यक्ष या नामित व्यक्ति, नेताजी सुभाष राष्ट्रीय क्रीडा संस्थान पटियाला के कार्यकारी निदेशक, अंतरराष्ट्रीय खेलों में रैफरी या अम्पायर कार्य के लिए मान्यता प्राप्त दो प्रमुख खिलाड़ी, ओलम्पिक या विश्व चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले पांच खिलाड़ी, अर्जुन, द्रोणाचार्य, गुरू वशिष्ठ या महाराणा प्रताप पुरस्कार प्राप्त दो खिलाड़ी, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में फिजियोथैरेपी संकायाध्यक्ष सदस्य होंगे। महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय के कुल सचिव को सदस्य सचिव नियुक्त किया जाएगा।

नियुक्ति करेंगे 150 स्थाई खेल प्रशिक्षक—

खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद में लगभग 150 स्थाई प्रशिक्षकों की भर्ती की जाएगी। साथ ही, 700 प्रशिक्षक अस्थाई रूप से भी लगाए जाएंगे। खेल मंत्री ने बताया कि जगतपुरा स्थित शूटिंग रेंज को रीको ने एडॉप्ट किया है। हमारा प्रयास रहेगा कि सीएसआर या अन्य विकल्पों के जरिए खिलाड़ियों और खेल को लगातार प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि इंडीविजुअल स्पोर्ट्स पर्सन की मदद करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here