Rajasthan News: राजकीय और अनुदानित छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 31 मई तक कर सकेंगे आवेदन

0
6
AI PHOTO

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत के निर्देशानुसार, विभाग द्वारा संचालित राजकीय और अनुदानित छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 27 मार्च से विधिवत रूप से प्रारंभ कर दी गई है।

विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि छात्रावासों में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sso.rajasthan.gov.in अथवा नवीन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए विभाग द्वारा मेरिट सूची जारी करने का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है। श्री मोदी के अनुसार, नए विद्यार्थियों के लिए प्रथम मेरिट सूची 10 अप्रैल को जारी की जाएगी। इसके पश्चात द्वितीय सूची 23 अप्रैल, तृतीय सूची 4 मई और चौथी मेरिट सूची 11 मई 2026 को प्रकाशित की जाएगी। यदि इन सूचियों के बाद भी छात्रावासों में सीटें रिक्त रहती हैं, तो ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 तय की गई है।

पुराने विद्यार्थियों के लिए प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए निदेशक ने बताया कि जो छात्र पहले से छात्रावासों में अध्ययनरत हैं, उन्हें आगामी सत्र में प्रवेश के लिए अपनी अंकतालिका संबंधित छात्रावास अधीक्षक को प्रस्तुत करनी होगी। अधीक्षक द्वारा पोर्टल पर सत्यापन और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें नियमानुसार पुनः प्रवेश दिया जाएगा।

प्रवेश से संबंधित किसी भी अन्य सहायता या विस्तृत दिशा-निर्देशों के लिए विद्यार्थी विभाग की वेबसाइट sje.rajasthan.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें ताकि उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here