राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को प्रदेश की लाखों महिला शक्ति को बड़ी राहत और सम्मान देते हुए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में श्री शर्मा ने राज्य की 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से 1-1 हजार रुपये हस्तांतरित किए। यह राशि उन्हें दो नई यूनिफॉर्म खरीदने के लिए प्रदान की गई है।
मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी—
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मानदेय कर्मियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिड-डे मील कुक कम हेल्पर सहित सभी मानदेय कर्मियों के वेतन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। वेतन की यह बढ़ी हुई दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की नींव हैं, जो हमारे नौनिहालों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
योजनाओं का लाभ और भविष्य के संकल्प—
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’, ‘लाडो प्रोत्साहन योजना’ और ‘कालीबाई भील योजना’ के लाभार्थियों को भी चेक सौंपे। सरकार के विजन को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि:
अमृत आहार योजना: आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों को अब सप्ताह में 5 दिन गरम दूध दिया जा रहा है।
डिजिटलीकरण: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला पर्यवेक्षकों को स्मार्ट फोन वितरित किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य देखभाल: आगामी समय में कार्यकर्ताओं के लिए निःशुल्क आंखों की जांच और चश्मे की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार आंगनबाड़ियों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण और बच्चों का पोषण सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।




