Jaipur News: राजधानी जयपुर में 25 करोड़ से बनेगा एक और पर्यटन स्थल 

0
7

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए जल संसाधन विभाग ने कमर कस ली है। जयपुर की द्रव्यवती नदी पर स्थित सांगानेर के ऐतिहासिक गूलर बांध को पुनर्जीवित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। विभाग ने बांध के सौंदर्यीकरण, नवीनीकरण और इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के निर्देशों के बाद विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्यादेश भी जारी कर दिए हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए विभाग के मुख्य अभियंता और अतिरिक्त सचिव भुवन भास्कर ने हाल ही में गूलर बांध का निरीक्षण किया। उनके साथ अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुरेश खतानिया, अधीक्षण अभियंता रमाशंकर और अधिशासी अभियंता अनिल थालौर सहित अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान श्री भास्कर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और इसकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। बांध के ओवरफ्लो स्ट्रक्चर की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने इसके तकनीकी पुन:डिजाइन और नए सिरे से निर्माण के आदेश दिए ताकि भविष्य में जल भराव की स्थिति को सुरक्षित रूप से संभाला जा सके।

गूलर बांध का यह जीर्णोद्धार न केवल क्षेत्र के भू-जल स्तर को सुधारने में सहायक होगा, बल्कि पर्यटन के मानचित्र पर भी सांगानेर को एक नई पहचान दिलाएगा। सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए एक सुंदर दर्शनीय स्थल के रूप में उभरेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here