महंगाई की मार झेल रही जनता पर एक बार फिर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। गुरुवार देर रात तेल विपणन कंपनियों ने व्यावसायिक एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफे का एलान किया है। इस ताजा वृद्धि के बाद 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में एकमुश्त 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
अब चुकाने होंगे 3099 रुपये—
नई दरों के प्रभावी होने के बाद अब प्रदेश में व्यावसायिक सिलेंडर 2106 रुपये के बजाय 3099 रुपये में मिलेगा। यह वृद्धि आज से ही लागू कर दी गई है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे रसोई का बजट फिलहाल स्थिर बना हुआ है।
शादी-ब्याह और होटल का खाना होगा महंगा—
व्यावसायिक गैस के दाम बढ़ने का सबसे ज्यादा असर शादी वाले परिवारों पर पड़ने वाला है। वैवाहिक सीजन के बीच हुई इस वृद्धि से कैटरिंग और हलवाइयों का खर्च बढ़ गया है, जिससे परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इसके अतिरिक्त, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर खाना खाना अब आम आदमी के लिए महंगा हो जाएगा। संचालक इस लागत का बोझ ग्राहकों पर डालने की तैयारी में हैं।
मजदूरों और प्रवासियों पर दोहरी मार—
महंगाई की सबसे ज्यादा मार दिहाड़ी और प्रवासी मजदूरों पर पड़ी है। एलपीजी संकट के समय सरकार ने मजदूरों को पहचान पत्र के आधार पर 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर देने की सुविधा शुरू की थी, लेकिन अब इसे रिफिल कराना भी महंगा हो गया है। 5 किलो वाले सिलेंडर की रिफिलिंग में 242 रुपये की वृद्धि की गई है। अब इसके लिए मजदूरों को 591 रुपये के स्थान पर 833 रुपये खर्च करने होंगे। प्रदेश के लाखों श्रमिकों के लिए यह आर्थिक झटका उनकी दैनिक बचत को सीधे प्रभावित करेगा। व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों में आए इस ऐतिहासिक उछाल ने बाजार में महंगाई बढ़ने की आशंका को और तेज कर दिया है।




