राजस्थान सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कड़े निर्देशों के बाद जयपुर जिला प्रशासन हरकत में है। शहर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासन ने सांगानेर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी (प्रथम) द्वारा गठित विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस थाना सांगानेर सदर के सहयोग से गोविंदपुरा (बक्षावाला), शिकारपुरा रोड स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने मौके से कुल 35 अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनमें घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं। सिलेंडरों के साथ ही अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस तरह के अवैध रिफिलिंग केंद्र सुरक्षा मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के संचालित ये केंद्र शहर में होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे हैं, जिससे आमजन के जीवन और संपत्ति पर हमेशा गंभीर खतरा मंडराता रहता है।
प्रशासन ने इस अवैध कारोबार में संलिप्त दो व्यक्तियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस थाना सांगानेर सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करवाई है। जिला रसद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ के तहत भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी जारी रहेगी ताकि गैस की कालाबाजारी को पूरी तरह खत्म किया जा सके। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध केंद्रों की सूचना तुरंत विभाग को दें।




