Jaipur News: 2 मई को गुलाबी नगरी में होगा ‘रंग दे गुलाबी’ का आयोजन

0
3

गुलाबी नगरी की सुंदरता को नए आयाम देने और स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को अव्वल बनाने के लिए जयपुर नगर निगम ने एक ऐतिहासिक नवाचार की घोषणा की है। 2 मई को शहर में “रंग दे गुलाबी” अभियान का आगाज होने जा रहा है। इस महाभियान के तहत देश में पहली बार एक ही दिन में शहर की 500 दीवारों को रंगों और कलाकृतियों से सजाने का अनूठा प्रयास किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने अभियान की जानकारी देते हुये बताया कि यह पहल केवल दीवारों पर पेंट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी का एक ऐसा उदाहरण पेश करेगी जो जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में जीवंत कर देगा।

गुलाबी के साथ दिखेंगे सतरंगी रंग—

अभियान की खास बात यह है कि इसका नाम ‘रंग दे गुलाबी’ होने के बावजूद यह केवल गुलाबी रंग तक सीमित नहीं रहेगा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जयपुर की पहचान ‘गुलाबी नगरी’ के रूप में अक्षुण्ण रखते हुए, इसमें विभिन्न आकर्षक और सृजनात्मक रंगों का मेल किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर के हर क्षेत्र को एक विशिष्ट और कलात्मक पहचान देना है, जिससे जयपुर और अधिक जीवंत नजर आए।

जनभागीदारी के लिए खुला आमंत्रण—

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में नगर निगम ने शहर के हर वर्ग को साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसमें स्कूल, कॉलेज, एनजीओ, कॉर्पोरेट समूह और आम नागरिक स्वेच्छा से अपना योगदान दे सकते हैं। विशेष रूप से पेंटिंग और कला के क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं और कलाकारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कैसे जुड़ें अभियान से?—

पेंटिंग सेवाएं देने के इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं नगर निगम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 7470651609 और 7878252518 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। निगम ने इस अभियान के लिए शहरभर में 500 दीवारों का चयन पहले ही कर लिया है। 2 मई को होने वाला यह सामूहिक प्रयास न केवल शहर की सूरत बदलेगा, बल्कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश भी पूरे देश में जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here