MARBLE CITY MAKRANA -शहर में दिन में भी जल रही स्ट्रीट लाइट, बंद करने वाला कोई नहीं

मकराना शहर के गली-मोहल्लों में लगी रोड लाइटें दिन में ही जलती रहती है। जिससे रोजाना हजारों यूनिट बिजली बर्बाद हो रही है। इस कारण से नगर परिषद व् डिस्कॉम को बड़ा नुकसान हो रहा है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कार्मिकों की इस लापरवाही से नगर परिषद के साथ साथ डिस्कॉम भी नुकसान उठा रहा है। उल्लेखनीय है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली की खपत बढ़ जाती है। डिस्कॉम बिजली के बचाव को लेकर तरह-तरह के उपाय करता है। लोगों को समय-समय पर जागरूक भी किया जाता है।

इसके बाद भी शहर में बिजली बचाव को लेकर कर्मचारी सक्रिय दिखाई नहीं दे रहे हैं। शहर के मंगलाना रोड सड़क पर दिन में रोड लाइट जल रही है, लोगों ने बताया कि यह स्ट्रीट लाइटे 5-6 दिन से जल रही है, लेकिन इसे कोई बंद नहीं कराता है। डिस्कॉम भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं लगनशाह  रोड पर भी रोड लाइटें जलती रहती है। इसके साथ ही एनी मुख्य मार्गो पर विद्युत विभाग व नगर परिषद दिन में रोशनी कर रही रोड लाइट को नजरअंदाज किया जा रहा है।

मंगलाना रोड , बाई पास रोड पर वाहनो  की टक्कर से गिरे हुए लाइट पोल  क्षतिग्रस्त होकर  मौके से गायब भी हो चुके है । मंगलाना पुलिया ROB से सारी स्ट्रीट लाइट्स चोरी हो चुकी है रातभर अन्धेरा रहता है पुलिया के ऊपर मिटटी ही मिटटी है  पोल गायब है व् रेलिंग टूट रही है । इन  पोलो  को दुबारा लगाना तो दूर बिजली के तार भी खुले पड़े है ।वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पुल की रोड लाइटें पूरी नहीं जगती है। जिससे लोगों को अंधेरे में ही चलना पड़ता है।

Governor Haribhau Kisanrao Bagde: नई फसलों और फलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाए —राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे

राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने प्रदेश में कृषि और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों में नवाचार अपनाते हुए अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित किए जाने का आह्वान किया हैं। उन्होंने कृषि और सहकारिता क्षेत्र में राजस्थान को अग्रणी करने के लिए डेयरी से जुड़े उत्पादों में गुणवत्ता वृद्धि के साथ उनकी प्रभावी विपणन रणनीति पर भी कार्य किए जाने पर जोर दिया। राज्यपाल बागडे ने राजभवन में राजस्थान में कृषि, पशुपालन और सहकारिता से जुड़े विभागों के अधिकारियों से इस क्षेत्र की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में प्राकृतिक खेती से जुड़े नए आयामों को अपनाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने जैविक खेती और उद्यानिकी के लिए राजस्थान में हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों को नई फसलों और फलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाए। राज्यपाल बागडे ने सहकारिता के अंतर्गत राज्य में दुग्ध उत्पादन गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने औसत दुग्ध संकलन, औसत तरल दुग्ध विपणन, पशु आहार उत्पादन, घी की आपूर्ति आदि के बारे में जानकारी लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में इन गतिविधियों से पशुपालकों को अधिकाधिक लाभान्वित किए जाने और नागरिक बैंक की संभावनाओं और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कार्यों से अधिकाधिक लोगों को जोड़कर कार्य करने की आवश्यकता जताई।

Villagers protest against education department in Dholpur —धोलपुर में ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

प्रदेश के धोलपुर जिले के बाड़ी उपखण्ड में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अजीतपुर के भवन खस्ता हालत को लेकर अभिभावकों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य हुकुमचंद मीणा ने स्कूल के खस्ता हाल पर कहा कि विद्यालय को राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 में कक्षा 8वीं से 12वीं तक क्रमोन्नत कर दिया। लेकिन स्कूल परिसर में केवल चार कमरे है और वे भी छतिग्रस्त हैं। वहीं कमरों की छतों से बारिश का पानी टपकने से विद्यालय का रिकॉर्ड सहित खाद्य सामग्री भी भीग चुकी है। भवन के अभाव और स्टाफ की कमी को देखते हुए अधिकांश बच्चे स्कूल छोड़कर अन्य स्कूलों में अपना प्रवेश ले चुके हैं। भवन की समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में भवन की समस्या लम्बे समय से चली आ रही है। और विद्यालय में मौजूद भवन भी पूरी तरह से छतिग्रस्त हो चुका है। वहीं कमरों की छतों से पानी टपकने से दीवारों में भी दरारे आ चुकी है। उन्होने कहा कि ऐसे हालातों में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Renewable energy —प्रदेश में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिये सरकार ने गेल इंडिया के साथ 4200 करोड़ रुपए के एमओयू पर किये हस्ताक्षर

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राज्य सरकार अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देकर प्रदेश के किसानों को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली देने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने मात्र 7 माह की अल्पावधि में कुसुम सी योजना में 4 हजार 386 मेगावाट के प्रोजेक्टों के एलओआई जारी कर दिए हैं। इन अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को धरातल पर मिशन मोड में क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के ऊर्जा उपक्रमों की मजबूत साझेदारी से राजस्थान जल्द ही ऊर्जा के क्षेत्र में न केवल आत्मनिर्भर बनेगा बल्कि अन्य राज्यों को बिजली उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Renewable energy
Renewable energy
श्री नागर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राजस्थान अक्षय ऊर्जा बिजनेस प्रमोशन समिट-2024 में अक्षय ऊर्जा से सम्बंधित हितधारकों को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आरवीयूएन और गेल इंडिया के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किये गए। इस एमओयू के माध्यम से गेल इंडिया धौलपुर में स्थापित 330 मेगावाट व रामगढ़ में स्थापित 270.5 मेगावाट के गैस आधारित बिजली संयत्रों को कुशल एवं उपयुक्त क्षमता पर संचालन के लिए संयुक्त उद्यम के माध्यम से हस्तांतरित करने की संभावनाओं को तलाशने के साथ ही पर्याप्त मात्रा में उचित दर पर गैस की सुनिश्चित आपूर्ति करेगा। साथ ही, अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में 750 मेगावाट सौर ऊर्जा और 250 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित हो सकेंगी। इसके माध्यम से 4200 करोड़ रूपए का निवेश होगा। गेल इंडिया की तरफ से कंपनी के कार्यकारी निदेशक सुमित किशोर और राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रृंगी ने हस्ताक्षर किये। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश का पश्चिमी भू-भाग राजस्थान को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस बिजनेस समिट में अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारक अपने सुझावों और समस्याओं को साझा करेंगे। उनके उचित सुझावों एवं समस्याओं पर सरकार सहानभूति से विचार करेगी और आवश्यक होने पर नीतिगत बदलाव भी करेगी। श्री नागर ने कहा कि प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में राजस्थान को केंद्र सरकार से पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है। सरकार बनने के दो माह बाद ही हमने एनटीपीसी, कोल इंडिया, पावर ग्रिड, सतलज जल विद्युत निगम व आरईसी जैसे देश के प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रमों के साथ 1 लाख 60 हजार करोड़ रूपए के एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे। इससे आने वाले समय में 31 हजार 825 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और प्रसारण तंत्र भी मजबूत होगा। ऊर्जा मंत्री ने अपने हाल के दिल्ली दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देश पर राजस्थान को केंद्र ने अपने अनावंटित कोटे से 265 मेगावाट अतिरिक्त बिजली प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इसे मिलाकर वर्तमान में राजस्थान को इस विषम परिस्थिति में अनावंटित कोटे से एक हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध हो रही है जिससे निर्बाध आपूर्ति बनाये रखने में मदद मिली है। श्री नागर ने कहा कि केंद्र सरकार ने राजस्थान को 2 हजार मेगावाट बैटरी स्टोरेज क्षमता विकसित करने में भी भरपूर सहयोग के लिए आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र के कायाकल्प के लिए पूरी इच्छाशक्ति के साथ मजबूत फैसले ले रही है।

MENTAL HEALTH : अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया मनोचिकित्सा केंद्र का निरीक्षण मनोचिकित्सा सेवाओं को बनाया जाएगा और सुदृढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश

सवाई मानसिंह अस्पताल से संबद्ध मनोचिकित्सा केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके लिए आईटी एवं तकनीक आधारित सेवाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, यहां प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती शुभ्रा सिंह ने गुरूवार को मनोचिकित्सा केंद्र, जयपुर के निरीक्षण एवं यहां आरएमआरएस की कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में मनोचिकित्सा का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रदान की जाने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि रोगियों को यहां सुगमतापूर्वक उपचार मिले।

आईएचएमएस लागू करें, केंद्र को रैफरल यूनिट के रूप में विकसित करें

श्रीमती सिंह ने अस्पताल में इंटीग्रेटेड हैल्थ मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने, हर मरीज की आभा आईडी बनाए जाने तथा सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में बनाए गए रामाश्रय वार्डों के साथ समन्वय कर यहां भी जीरियाट्रिक वार्ड का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रो-एक्टिव एप्रोच के साथ मनोचिकित्सा केंद्र को रैफरल यूनिट के रूप में विकसित करने पर बल दिया, ताकि यहां मौजूद संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके।

पीएम जनऔषधि केंद्र स्थापित करें, टेलीमानस का हो व्यापक प्रचार-प्रसार

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अस्पताल में संचालित टेलीमानस हैल्पलाइन सेंटर का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि इस सेवा का एक केंद्र कोटा में संचालित किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाए, ताकि वहां अध्ययनरत युवाओं को तनाव के पलों में समुचित परामर्श मिल सके। उन्होंने कहा कि टेलीमानस हैल्पलाइन सेवा एवं मनोचिकित्सा संबंधी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र की स्थापना करने तथा रोगियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए पीपीपी मोड पर कैफेटेरिया संचालित किए जाने के निर्देश दिए।

आरएमआरएस से होंगे तात्कालिक आवश्यकता के कार्य

बैठक के दौरान अस्पताल परिसर में टॉयलेट्स की मरम्मत एवं तात्कालिक आवश्यकता से संबंधित अन्य मेंटीनेंस कार्यों के लिए आरएमआरएस से राशि का उपयोग लेने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही, मानव संसाधन सहित अन्य अति आवश्यक प्रकृति के कार्यों के लिए भी नियमानुसार आरएमआरएस की राशि का सदुपयोग करने के निर्देश दिए गए।

BIG BREAKING अब नाबालिग को वाहन देना अभिभावकों पर पड़ेगा भारी

नाबालिग को वाहन दिया तो अभिभावक को होगी 3 साल की जेल, वहीं नाबालिग वाहन चलाते मिला तो 25 साल की उम्र के बाद बनेगा लाइसेंस, मामले को लेकर परिवहन विभाग ने एसपी-कलेक्टर को लिखा पत्र, सड़क हादसों में 40 फीसदी मौत होती है नाबालिगों की, ऐसे हादसे कम करने के लिए विभाग उठा रहा है कदम

Dinner of 6 independent MLAs in hotel —होटल में 6 निर्दलीय विधायकों का डिनर चर्चा का विषय

Dinner of 6 independent MLAs in hotelजयपुर की एक पांच सितारा होटल में 6 निर्दलीय विधायकों के डिनर की फोटा ने प्रदेश की राजनीतिक में हलचल पैदा कर दी है। फोटो में रविन्द्र सिंह भाटी, यूनुस खान, प्रियंका चौधरी, चंद्रभान आक्या, जीवाराम चौधरी और रितु बनावत नजर आ रहे है। माना जा रहा है कि ये सभी निर्दलीय विधायक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी है। अब ये कयास लगाया जा रहा है कि ये उंट किस करवट बैठेगा और क्या भला—बुरा होगा। वहीं दूसरे संकेत ये भी है कि ये सभी विधायक भाजपा में शामिल हो सकते है और होटल में खाने का आयोजन भी इसी क्रम होना बताया जा रहा है।

‘Tricolor campaign for every house’ —प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में उत्सव का माहौल बने और प्रदेशवासियों में गर्व की भावना का संचार हो, इसके लिए 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान को पहले से और बेहतर रूप में क्रियान्वित किया जाएगा। श्री पंत शासन सचिवालय में आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रारम्भ हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक देशवासी को देश के प्रति अपने प्रेम को दर्शाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्रदेश भर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट्स, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्लेज, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा ट्रिब्यूट और तिरंगा मेलों का आयोजन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की तैयारियों की नियमित मोनिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभियान के तहत संभाग से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश में हर घर, हर सरकारी दफ्तर, हर गली, हर नुक्कड़ तक तिरंगा अपनी शान में लहराए, इसके लिए सम्बंधित अधिकारी झंडों की पर्याप्त व्यवस्था को सुनिश्चित करें। श्री पंत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मन की बात में इस अभियान को तिरंगे की शान में एक शानदार उत्सव बताते हुए इसे जन-जन को एक दूसरे से जोड़ने का माध्यम बताया है। उन्होंने तिरंगा रैली में बाइक, कार एवं साइकिल के साथ ही ग्रामीण स्थानों पर ट्रेक्टर शामिल करने और कार्यक्रमों की संपूर्ण व्यवस्था मौसम को ध्यान में रखकर करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रमों में विधार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सोशल मीडिया पर तिरंगा सेल्फी के लिए भी आमजन और युवाओं को जागरूक किया जाए। उन्होंने अभियान से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाली तीज पर प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक पौधारोपण का कीर्तिमान स्थापित कर मिसाल पेश की है।

Minister Colonel Rajyavardhan Rathod -दौसा जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड ने किया मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के तहत हरियालो- राजस्थान  पौधारोपण अभियान का आयोजन हरियाली तीज के शुभ अवसर पर दौसा जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया गया। हरियालो राजस्थान पौधारोपण अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में बुधवार को चारागाह केसरीसिंहपुरा, बसवा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़़ ने पौधारोपण कर किया। र्कायक्रम को संबोधित करते हुए दौसा जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पौधारोपण अभियान को मां से जोड़ा (एक पेड़ मां के नाम) है, जिस प्रकार मां हमें संरक्षित करती है, उसी प्रकार पेड़ भी हमें संरक्षित करते हुए छाया, फल-फुल, वायु एवं वर्षा प्रदान करते है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में हरियाली तीज के अवसर पर करोड़ो पौधे लगाए जा रहे हैं, वहीं जिले में लाखों की संख्या में पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। हमारा दायित्व है कि हम सभी इनका संरक्षण करें, ताकि लगाए जा रहे सभी पौधे पेड़ बन सके। जिला प्रभारी मंत्री राठौड ने स्थानीय विधायक एवं आमजन की मांग पर बांदीकुई में मेजर ध्यानचंद खेल स्टेडियम योजना के तहत एक स्टेडियम बनाने की घोषणा की। जिससे सभी आयु वर्ग के लोग खेल गतिविधियों में जुड़कर स्वस्थ रह सके। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से राजस्थान को पीने, सिंचाई एवं उद्योगों के लिए संशोधित ईआरसीपी परियोजना से पानी पहुंचाया जाएगा, जिसका लाभ दौसा जिले के साथ-साथ बांदीकुई क्षेत्र को भी मिलेगा। यहां के अन्य बांधों को भी आमजन की मांग अनुसार परियोजना में सम्मिलित करवाने का प्रयास किया जाएगा। बांदीकुई स्थानीय विधायक भागचंद टांकडा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन के प्रयास से बांदीकुई क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्य किया जा रहा है, वहीं स्थानीय लोगों द्वारा पौधों के संभालने की जिम्मेदारी भी ली जा रही है। हरियालो राजस्थान जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धारा सिंह मीणा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य विभागों के जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।