C M NEWS: 15 जनवरी को होगी 78वें थल सेना दिवस परेड, मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना प्रत्येक देशवासी का गर्व और अभिमान है। सेना के पराक्रम, त्याग और बलिदान के कारण ही हम सभी सुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि आर्मी डे परेड का यह आयोजन न सिर्फ जयपुर बल्कि समस्त राजस्थानवासियों के लिए जवानों की अटूट राष्ट्रभक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि पहली बार सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर आर्मी डे परेड का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन जयपुर में होने जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे जगतपुरा में महल रोड पर 15 जनवरी को होने जा रही इस परेड के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों ताकि वे सेना की वीरगाथा के बारे में और अधिक जान सके। श्री शर्मा सोमवार को 78वें थल सेना दिवस पर आयोजित होने वाली परेड और अन्य आयोजनों की तैयारियों के संबंध में समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य रूप देने के लिए अधिकारी सभी जरूरी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने परेड स्थल पर अतिथियों और आमजन की बैठने की व्यवस्था, परिवहन, यातायात और पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

C M NEWS: प्रदेश में होगा ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026, मुख्यमंत्री ने कि तैयारियों की समीक्षा

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के किसान आधुनिक तकनीकों के माध्यम से स्मार्ट फार्मिंग कर कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बनें। इसी सोच के साथ आगामी वर्ष प्रदेश में किसानों के लिए ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम) का आयोजन किया जा रहा है। श्री शर्मा ने अधिकारियों को ग्राम के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। श्री शर्मा सोमवार को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नए आयाम स्थापित करने के साथ ही निवेश को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा आयोजन से देश-विदेश से आने वाले किसानों तथा विशेषज्ञों के अनुभव का लाभ भी प्रदेश के किसानों को मिलेगा।

JAIPUR NEWS: पिंकसिटी प्रेस क्लब में चार लेखकों की किताबों का हुआ लोकार्पण

0
कलमकार मंच और पिंकसिटी प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान आयोजित पुस्तक लोकार्पण समारोह में वरिष्ठ साहित्यकारों और पत्रकारों की मौजूदगी में दिनेश ठाकुर के ग़ज़ल संग्रह ‘ख़ामोशी इक मुश्किल फ़न है’, राजेश शर्मा के उपन्यास ’अत्रैव घुश्मेश्वरः यहीं है घुश्मेश्वर’, भागचन्द गुर्जर के नाट्य संग्रह ’ऊपरी हवा और अन्य नाटक’ और इन्दु सिन्हा ’इन्दु’ (रतलाम, मध्य प्रदेश) के कहानी संग्रह ’डिजिटल युग का डोकरा’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कथाकार डॉ. सत्यनारायण ने कलमकार मंच की निरंतर साहित्यिक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसे मंचों की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, जो लगातार रचनात्मक हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए लेखकों को सामने लाना और नई पुस्तकों का प्रकाशन करना पाठकों में पढऩे की संस्कृति को मजबूत करता है और साहित्यिक संवाद को जीवंत बनाए रखता है। वरिष्ठ साहित्यकार फारुक आफरीदी ने कहा कि साहित्य में अच्छा लिखना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक उसे सुरुचिपूर्ण और पाठक-सुलभ रूप में प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने इस संदर्भ में कलमकार मंच की सराहना करते हुए कहा कि मंच ने पुस्तक प्रस्तुति, डिजाइन और आयोजन की दृष्टि से कई नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रकाशन के उपरांत पुस्तकों के लोकार्पण और चर्चा-परिचर्चा के आयोजन न केवल सराहनीय हैं, बल्कि अन्य साहित्यिक संस्थाओं के लिए प्रेरणास्पद भी हैं। वरिष्ठ आलोचक डॉ. दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में हिंदी साहित्य की मौजूदा सृजनात्मक सक्रियता की ओर संकेत करते हुए कहा कि हिंदी में आज प्रचुर मात्रा में लेखन हो रहा है और पाठक वर्ग भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रकाशक और लेखक के बीच संबंधों में पारस्परिक विश्वास की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि लेखक की रचनात्मक मेहनत का सम्मान होना चाहिए। इस संदर्भ में उन्होंने सुझाव दिया कि प्रकाशक को अपने लाभ में से सम्मान-स्वरूप ही सही, लेखक को कुछ राशि अवश्य देनी चाहिए, ताकि यह रिश्ता अधिक पारदर्शी और विश्वासपूर्ण बन सके। वरिष्ठ लेखक और पत्रकार विनोद भारद्वाज ने राजस्थान के साहित्यिक परिदृश्य में कलमकार मंच की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि कलमकार मंच ने अपनी शुरुआत से लेकर अब तक उल्लेखनीय यात्रा तय की है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से सैकड़ों पुस्तकों का प्रकाशन हुआ है और अनेक नए लेखकों को साहित्यिक समाज में पहचान मिली है। यह कार्य न केवल साहित्य विस्तार का माध्यम है बल्कि नए रचनाकारों के लिए आत्मविश्वास का स्रोत भी है। कथाकार चरणसिंह पथिक ने अपने वक्तव्य में कहा कि नई पुस्तकों का आना साहित्यिक जगत में उत्सव सरीखा होता है। उन्होंने कहा कि किसी लेखक के लिए नई किताब का प्रकाशन परिवार में नए सदस्य के आगमन जैसा होता है, जिसमें खुशी, अपेक्षा और जिम्मेदारी तीनों जुड़ी होती हैं। उन्होंने कलमकार मंच की सराहना करते हुए कहा कि मंच द्वारा वर्ष में दो-तीन बार ऐसे आयोजन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, जो साहित्यिक वातावरण को निरंतर ऊर्जावान बनाए रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार लोकेश कुमार सिंह ’साहिल’, पत्रकार हरीश पाराशर, नवल पाण्डेय और रंगकर्मी दिलीप भट्ट ने किताबों पर समीक्षात्मक टिप्पणी की। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण चन्द छाबड़ा, प्रेमचन्द गांधी, फिल्मकार गजेन्द्र एस. श्रोत्रिय ने भी अपने विचार व्यक्त किये। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा ने आगन्तुकों का स्वागत और महासचिव मुकेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया। कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा ने मंच संचालन किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार महेश शर्मा, गोविन्द चतुर्वेदी, जगदीश शर्मा, सिद्धार्थ भट्ट, जितेन्द्र सिंह शेखावत, सदाशिव श्रोत्रिय, सतीश शर्मा, आनंद विद्यार्थी, ओमेन्द्र मीणा, शंकर इंदलिया, महेश कुमार, जनित, उमा शर्मा, विनिता, नफीस आफरीदी, राजेश मिश्रा, संतोष शर्मा और चंद्रप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार और साहित्यप्रेमी मौजूद थे।

JDA NEWS: जेडीए में जल्द शुरू होगी ई-जनसुनवाई —जेडीसी

जयपुर विकास प्राधिकरण में नागरिकों की सुविधा और शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए शीघ्र ही ‘ई-जनसुनवाई’ प्रणाली लागू की जाएगी। यह जानकारी जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने पदभार ग्रहण के बाद दी। वर्तमान में, जविप्रा में शिकायत दर्ज कराने या समस्याओं के निवारण के लिए नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में उपस्थित होना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक ही शिकायत के लिए कई बार आना-जाना, विभिन्न कर्मचारियों व अधिकारियों के चक्कर लगाना, समय और संसाधनों का अपव्यय जैसी चुनौतियाँ आम हैं। समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण द्वारा डिजिटल ‘ई-जनसुनवाई’ प्रक्रिया शुरू की जाएगी। श्री महाजन ने बताया कि इस प्रणाली के तहत नागरिक अपनी शिकायतें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे और प्राप्त शिकायत को दर्ज किया जाकर उसे संबंधित जोन या प्रकोष्ठ को भेजा जायेगा, जहॉ पर शिकायत का परीक्षण किया जायेगा। वहीं जोन अथवा प्रकोष्ठ के स्तर पर आवश्यक कार्यवाही के उपरांत, प्रार्थी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुना जायेगा। उन्होने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एक ओर प्रार्थी होगा और दूसरी ओर जेडीए के उच्चाधिकारियों की टीम होगी, जो प्रा​र्थी की समस्या सुनकर, उनकी समस्या का यथोचित समाधान करेगी। वहीं इस संपूर्ण कार्यवाही की रिकॉडिंग करवाई जायेगा। यदि कार्य निस्तारण में कोई बाधा आती है, तो उसकी जानकारी भी प्रार्थी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ही दी जाएगी, ताकि नागरिक को बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े। आयुक्त ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत लंबित पड़े पुराने प्रकरणों का निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। श्री महाजन ने बताया कि इस डिजीटल पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन की परेशानी कम करना, प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। ‘ई-जनसुनवाई’ प्रणाली नागरिकों और जेडीए, दोनों के समय व संसाधनों के दक्ष उपयोग में सहायक होगी। उन्होने बताया कि इस नई व्यवस्था से जेडीए की सेवाओं में डिजिटल सुधार की एक नई शुरुआत होगी और नागरिकों को त्वरित व प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध हो सकेगी।

C M NEWS: आमजन को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर व त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रही है और विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवा व जांचों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। वही उन्होंने 108 एंबुलेंस, 104 जननी एक्सप्रेस और ममता एक्सप्रेस सेवाओं के सुगम्य संचालन के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए। श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विभाग की योजनाओं में अनियमितता और दुरूपयोग के विरूद्ध कठोरतम दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में चलाए जा रहे नेत्र जांच शिविरों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभागवार इन शिविरों का आयोजन किया जाए और जरूरतमंद स्कूली छात्र-छात्राओं को चश्मे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए

Hindaun News: हिण्डौन में चार क्रिकेट सट्टेबाज दबोचे, मुख्य सरगना सहित सभी पुलिस रिमांड पर

0
करौली पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और सटीक मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब और सट्टेबाजी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि इस गिरोह तक पहुँचने के लिए साइबर सेल करौली की विशेष मदद ली गई। मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण (सीडीआर/लोकेशन) के बाद पुलिस ने खेडलीयान का पूरा में बने एक चारदिवारी घेर में दबिश दी। जहां बिगबैश लीग में चल रहे क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन एप्प पर सट्टे की खाईवाली करते आरोपी राजेश उर्फ कल्ला, शोएब उर्फ सोहिब और प्रशांत शर्मा उर्फ कलुवाराम निवासी हिंडौन सिटी को जांच और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को विस्तार देते हुए वांछित आरोपी और सरगना अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन को करौली के वागुर कुआं इलाके से दस्तयाब किया है। पूछताछ के बाद उसे भी भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा हो सके। वहीं पुलिस की छापेमारी में सट्टेबाजी का हाईटेक सामान बरामद हुआ है। जप्त सामग्री में 06 मोबाइल फोन (सट्टे की बुकिंग के लिए प्रयुक्त, 18 लाख रुपये का हिसाब (कागजों और डायरियों में दर्ज), 1 कैलकुलेटर, बिजली बोर्ड, केबल और 3 चार्जर, 02 नोटबुक और 4 बॉल पेन शामिल है।

C M NEWS: सिख धर्म का इतिहास त्याग और बलिदान की गाथा से भरा हुआ —मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजापार्क स्थित श्री गुरू सिंह सभा गुरूद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरूद्वारा में मत्था टेका और देश व प्रदेश में शांति और सद्भाव के लिए अरदास की। श्री शर्मा ने इस दौरान गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों और माता गुजरी कौर की शहादत को समर्पित विशेष गुरमत समागम में संगत की। श्री शर्मा ने कहा कि हमारे देश के इतिहास में जब भी धर्म और संस्कृति की रक्षा की बात आती है, गुरु गोबिंद सिंह जी, माता गुजरी और उनके चारों साहिबजादों का नाम गर्व से लिया जाता है। गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने चारों साहिबजादों को देश और धर्म के लिए समर्पित कर दिया। ऐसा त्याग दुनिया में कहीं नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने आज ही के दिन धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुरु गोबिंद सिंह और उनके साहिबजादों की बहादुरी की गाथा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करेगी जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास हेतु भूमि आवंटन को भी मंजूरी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख धर्म का पूरा इतिहास त्याग और बलिदान की गाथा से भरा हुआ है। गुरु गोबिंद सिंह जी ने हमारी संस्कृति की रक्षा के लिए अपना पूरा वंश न्योछावर कर दिया, इसीलिए वे ‘सरबंसदानी’ कहलाए। उन्होंने कहा कि जब गुरु साहिब जी के चारों साहिबजादे शहीद हो गए, तब उन्होंने कहा था-‘चार मुए तो क्या हुआ, जीवित कई हजार’ यानी चार बेटे बलिदान हो गए तो क्या हुआ, कई हजार बेटे धर्मरक्षा के लिए अभी भी जीवित हैं। उनकी यह उक्ति राष्ट्र और धर्म के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा बन गई है। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु गोबिंद सिंह और साहिबजादों की तस्वीर भेंट की।

C M NEWS: हस्तशिल्पियों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर दे रही राज्य सरकार -मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की 8 करोड़ जनता का कल्याण सर्वोपरि है और प्रदेशवासियों की सेवा की प्राथमिकता के साथ हमारी सरकार नई-नई नीतियां व योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, हमारी सरकार आने पर उसमें से 70 प्रतिशत वादों को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाएं। श्री शर्मा शुक्रवार को जोधपुर में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती राष्ट्रप्रथम की विचारधारा और लोकसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है। संस्थान द्वारा आयोजित इस उत्सव से पश्चिम राजस्थान का क्षेत्र हस्तशिल्प उद्योग का वैश्विक केन्द्र बन सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हस्तशिल्प उद्योग ग्रामीण भारत के सशक्तीकरण का माध्यम है। इन्होंने परंपरा और पहचान का संरक्षण किया है। यह श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के स्वावलंबन का माध्यम भी बना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हस्तशिल्पियों के कल्याण को सर्वाेपरि माना है और उन्हें कौशल प्रशिक्षण देते हुए नए मार्केट लिंकेज दिए जा रहें हैं। जिससे वे अपने उत्पादों को उचित दाम पर बेच सकें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हस्तशिल्पियों को सहायता देने के लिए 1,197 दस्तकारों को परिचय पत्र जारी किए हैं। राज्य सरकार द्वारा बुनकर पुरस्कार योजना, बाजार सहायता योजना और चर्म प्रशिक्षण योजना से विभिन्न हस्तशिल्पियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, माटी कला कामगारों को निःशुल्क इलेक्ट्रिक चाक व मिट्टी गूंथने की मशीनें भी दी गई हैं।

RHB NEWS: राजस्थान आवासन मंडल बोर्ड मीटिंग में हुआ निर्णय अनिस्तारित संपत्तियों के लिये बनेगी जल्द नीति

0
राजस्थान आवासन मंडल मुख्यालय में शुक्रवार को मंडल की 253 वीं बोर्ड सभा का आयोजन हुआ। नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव और मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टी की अध्यक्षता में आयोजित हुई सभा में अहम फैसलों का अनुमोदन हुआ। सभा में मंडल अध्यक्ष द्वारा बुधवार नीलामी व प्रीमियम संपत्तियों की नीलामी को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को आमजन का भरोसा बताया गया। श्री पृष्टी ने बताया की मण्डल द्वारा नवम्बर माह में किये गये ऑक्शन से अलवर, जोधपुर और जयपुर में कुल 81 सम्पत्तियों से लगभग 317 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने मिशन मोड में भूमि चिन्हांकन कर नई आवासीय योजनाएं शुरू करने और ड्रोन सर्वे के निर्देश भी दिए। इसी के साथ ही उन्होंने आरएफ़एसडीएल के माध्यम से मण्डल की कई वर्षों से शेष संपत्तियों की स्टडी करवाकर उनके समयबद्ध निस्तारण की पालिसी लाने के निर्देश भी दिये और विभिन्न आवासीय योजनाओं के विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। मण्डल अपनी सम्पत्तियों की रक्षा और अतिक्रमण की रोकथाम के लिए जल्द ही प्रवर्तन शाखा का गठन करने जा रहा है। जिसके प्रस्ताव का अनुमोदन मण्डल अध्यक्ष द्वारा बोर्ड सभा में किया गया। इसके पश्चात् प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। प्रवर्तन शाखा में विभिन्न पदों पर कुल 51 पुलिस कर्मी प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत होंगे। आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने निर्णयों की त्वरित क्रियान्विति व लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वही उन्होंने मण्डल की सम्पत्तियों का सीमाकंन कर साइनेज, फेंसिंग और आवश्यकतानुसार चारदीवारी करवा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये।

C M NEWS: मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय रोजगार मेले में चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए पर्यटन, सौर ऊर्जा, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पांच साल में 4 लाख सरकारी एवं 6 लाख निजी रोजगार के अवसर सृजित करने के क्रम में अब तक लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.53 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वहीं, निजी क्षेत्र में भी 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा नीति भी जल्द लाएगी। श्री शर्मा राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को कॉमर्स कॉलेज में राज्य स्तरीय रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये रोजगार मेला सरकार की उस सोच का प्रतीक है जिसमें राज्य सरकार ने रोजगार, कौशल और उद्यमिता को प्राथमिकता दी है। इसमें निजी क्षेत्र के 20 से अधिक सेक्टर्स से जुड़े 100 से अधिक नियोक्ता भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले हर जिले में निरंतर लगते रहेंगे और स्थानीय स्तर पर निरंतर रोजगार मिलता रहेगा। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने एक रोडमैप बनाकर गत दो वर्षों में पानी, बिजली, उद्योग, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ कार्य किया। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।