Rising Rajasthan News: राज्य में संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा राइजिंग राजस्थान —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था को अगले 5 सालों में 350 बिलियन डॉलर बनाने के सफर में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि 9 से 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाला यह समिट राज्य में सम्भावनाओं के नए द्वार खोलेगा और राज्य को देश-दुनिया में निवेश के प्रमुख केन्द्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होने कहा कि इसमें होने वाले निवेश समझौतों से प्रदेश की हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति होगी और युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। श्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ 9, 10 व 11 दिसम्बर को होने वाले विभिन्न आयोजनों, देश और विदेश से आने वाले अतिथियों के आगमन, उनके ठहरने और आयोजन स्थल से जुड़ी विभिन्न तैयारियों के बारे में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रमुख शासन सचिव उद्योग अजिताभ शर्मा और शासन सचिव पर्यटन, कला और संस्कृति रवि जैन ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। राजधानी जयपुर सहित राज्य के सभी जिलों में प्रमुख स्थानों पर इससे संबंधित होर्डिंग्स और बैनर लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से सोशल मीडिया पर भी आयोजन का प्रमुखता से प्रचार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल की सजावट, अतिथियों की बैठक व्यवस्था और अन्य तैयारियों के विषय में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़ी छोटी से छोटी तैयारियों का एक विस्तृत रोड़ मैप तैयार कर उन्हें अन्तिम रूप दिया जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि समिट के दौरान विकसित भारत-विकसित राजस्थान थीम पर एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान और समिट में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के अलग-अलग जोन होंगे। राजस्थान जोन में प्रदेश के प्रमुख उद्योगों, खनिजों, पर्यटन स्थलों तथा कला-संस्कृति के बारे में एलईडी स्क्रीन, 3-डी प्रजेंटेशन तथा विभिन्न मॉडल्स के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। साथ ही, राजस्थान में नए क्षेत्रों में औद्योगिक सम्भावनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी में वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के तहत जयपुर के सांगानेरी प्रिंट सहित अन्य जिलों के प्रमुख उत्पादों को दर्शाते हुए 3-डी तकनीक के माध्यम से राजस्थान के रमणीय एवं पर्यटन स्थलों के बारे में बताया जाएगा। शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति रवि जैन ने मुख्यमंत्री को 9 और 10 दिसम्बर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में राजस्थान की कला और संस्कृति की छाप नजर आए और स्थानीय लोक कलाकारों को इसमें विशेष प्राथमिकता दी जाए।

Sports News: प्रदेश को खेलों में अग्रणी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का युवा बेहद प्रतिभाशाली है और यहां की खेल प्रतिभाओं में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की क्षमता है। राज्य सरकार द्वारा खेल क्षेत्र में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं जिससे खिलाड़ी प्रदेश का नाम गौरवान्वित करें। प्रदेश को खेलों में अग्रणी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में खेल एवं युवा मामले विभाग की समीक्षा कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं खेलों को बढ़ावा देने के लिए की गई सभी बजटीय घोषणाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए जिससे इन घोषणाओं और योजनाओं का फायदा हमारे प्रदेश के युवाओं एवं खिलाड़ियों तक जल्द से जल्द पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, उन्हें प्रोत्साहित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य सरकार शीघ्र ही युवा नीति लाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में भी खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। प्रदेश में प्रत्येक स्तर पर खेलों के प्रोत्साहन के लिए समुचित वातावरण तैयार किया जा रहा है। खेल के बुनियादी ढांचे के साथ विज्ञान, विश्लेषण, काउंसलिंग तथा पोषण को समावेश करते हुए खेल नीति-2024 भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन दोनों नीतियों को अंतिम रूप देते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ यूथ गेम्स की तर्ज पर ‘खेलो राजस्थान’ यूथ गेम्स आयोजित करवाए जाएंगे। इससे स्थानीय स्तर की प्रतिभाओं को तराशा जाएगा। ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दृष्टि से प्रथम चरण में 10 हजार की आबादी वाले 163 ग्राम पंचायतों का चयन किया जा चुका है। यहां ओपन जिम एवं खेल मैदान बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इनके निर्माण के साथ उचित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से समन्वय स्थापित कर खेलों के क्षेत्र में वहां चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, नीतियों, नवाचारों का अध्ययन करें जिससे राजस्थान को इनका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होने कहा कि प्रदेश का नाम खेल के क्षेत्र में उन्नति के शिखर पर ले जाने के लिए मिशन ओलंपिक— 2028 की शुरूआत की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के 50 सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ओलम्पिक खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए जयपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फोर स्पोर्ट्स का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसे शीघ्र पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद और राजस्थान युवा बोर्ड की कार्यप्रणाली, प्रत्येक संभाग पर युवा साथी केन्द्र स्थापित करने, महाराणा प्रताप खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने, टारगेट ओलंपिक पोडियम (टीओपी), राज्य युवा महोत्सव, पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा भी की।

International trade fair News: अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में राजस्थानी लोक कलाकारों की धूम

0
नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 43 वें भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में सोमवार की सांय एमफी थियेटर पर राजस्थान के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने ऐसा समा बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये। कार्यक्रम के प्रारंभ में राजस्थान पर्यटक स्वागत केन्द्र की उप निदेशक श्रीमती दीपाली शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। श्रीमती शर्मा ने बताया कि दो घंटे से भी अधिक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति सबसे आकर्षक रही। उन्होंने बताया कि जोधपुर के सुआ सपेरा और उनके दल की नृत्यांगनाओं ने लोक हर्षक प्रस्तुति दी। उन्होेने अपने शरीर को रबर की गुड़ियां की तरह तोड़ मोड़कर गजब की लचक के साथ ऐसा अनूठा नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक तालियां बजाने को मजबूर हो गये। नृत्यांगनाओं ने मुंह और आंखों की पलकों से अंगूठी उठाकर भारी करतल ध्वनि अर्जित की। ————————

Nourism news: प्रदेश में पर्यटन स्थलों और पर्यटन गतिविधियों को निगम करेगा संचालित

0
राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड की नवीं निदेशक मण्डल, दूसरी वार्षिक साधारण सभा और वानिकी एवं जैव विविधता संरक्षण समिति की 5वीं सभा, वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन एवं अध्यक्ष राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड संजय शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित की गई। सभा में श्री संजय शर्मा ने आरएफबीपी द्वितीय परियोजना के कॉरपस फण्ड के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए। जायका परियोजना निदेशक ने जायका के सहयोग से क्रियान्वित की जाने वाली नवीन परियोजना सीआरईएसईपी के बारे में विस्तार से जानकारी दी और योजना के मुख्य क्रियाकलापों के संबंध में अवगत कराया गया। उन्होने परियोजना से संबंधित गांवों राजीविका के स्वयं सहायता समूह से जोड़ने के लिए निर्देशित किया। साथ ही मृदा एवं जल संरक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। साधारण सभा की गत बैठक के कार्यवाही विवरण का भी अनुमोदन करने के साथ ही बैठक में आगामी महत्वाकांक्षी परियोजना सीआरईएसईपी के संबंध में मंत्री एवं अन्य सदस्यों के सुझाव लिए गये साथ ही बैठक के ऐजेण्डे का भी अनुमोदन किया गया। वन मंत्री द्वारा निगम के राजस्व को बढ़ाने के लिये पर्यटन स्थलों और जैविक उद्यानों, चिड़ियाघरों एवं वन्यजीव अभ्यारण्यों में पर्यटन गतिविधियों को निगम के अधीन संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं राजस्थान मे ईको टूरिज्म को बढावा देने के लिये सुझावों पर विचार किया गया। वन विभाग से उक्त कार्य राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, राजस्थान को हस्तारिन्त करने पर भी विचार किया गया।

Nagar Nigam News: जयपुर स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

0
जयपुर स्थापना के 297वें वर्ष के उपलक्ष्य पर हेरिटेज निगम की ओर से ताल कटोरा की पाल पर लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी कलाकारों ने राजस्थानी गीत और भजन गाकर मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना से हुई। इसके बाद मांड गीत केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश गाकर सभी दर्शकों की तालियां बटोरी। वहीं, कलाकार फखरुद्दीन ने कॉमेडियन नृत्य कर दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। रंगीला भाई ने इंजन की आवाज निकाल कर प्रस्तुति दी। इसके अलावा राजस्थानी लोक संगीत वाद्य यंत्र अलगोजा की प्रस्तुति भी दी गई। महापौर कुसुम यादव ने बताया कि हेरिटेज निगम की ओर से जयपुर स्थापना के 297 वर्ष पूरे होने पर एक महीने से जयपुर वासियों के लिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे है। कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थानी लोक कलाकारो को आगे बढ़ाना और लोक सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत करना था। वर्तमान में संगीत की दुनिया में नई प्रतिभा और पैटर्न आ रहे है, लेकिन राजस्थानी गीत और संगीत आज भी देश दुनिया में अपना परचम लहरा रहा है। नई पीढ़ी राजस्थानी लोक गीतों नहीं भूलें, इसके लिए समय – समय पर ऐसे आयोजन होना चाहिए। Nagar Nigam News वहीं कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर देव दीवाली के पावन पर्व पर महापौर ने गलता तीर्थ में दीप दान किया। इस अवसर पर महापौर कुसुम यादव सहित सैकड़ों महिलाओं ने गलता तीर्थ की आरती उतारी और दीपक जलाकर कर मनोकामना मांगी।

C M NEWS: महाअघाड़ी गठबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन है —मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के तहत पुणे के भोसरी में आयोजित राजस्थानी समाज सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महायुति प्रत्याशी महेश किसनराव लांडगे को समर्थन देकर विजयी बनाने के लिए अपील की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधन में कहा कि कांग्र्रेस और इसके सहयोगी सिर्फ झूठ व लूट की बात करते हैं और महाअघाड़ी गठबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन है, जिसने जनता को ठगा है। महाराष्ट्र को ऐसे ठगबंधन की जरूरत नहीं है, जो जनता को धोखे के सिवा कुछ न दे सके। चुनाव के समय अफवाहों को सहारा लेने वाली कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है, लेकिन महाराष्ट्र की जनता इन भ्रष्टाचारियों को वोट की चोट से सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी दुनिया के सबसे मजबूत लीडर हैं, जिनके नेतृत्व में भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। वर्ष 2014 के बाद आये परिवर्तन को सभी ने देखा है। गरीब कल्याण की योजनाएं, सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद का खात्मा और दुनिया में बढ़ता हुआ गौरव इसका प्रमाण है। श्री शर्मा ने कहा कि हर राजस्थानी राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित होता है तथा उनके लिए राष्ट्रवादी विचारधारा ही सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और राजस्थान स्वाभिमान की धरती है, जहां राजस्थान में महाराणा प्रताप, महाराजा सूरजमल एवं महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी जैसे वीर योद्धा हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों का राजस्थान की संस्कृति, विचार एवं मर्यादा को संजोए रखने में अहम योगदान है। यह गर्व का विषय है कि दुनिया के किसी भी कोने में रहते हुए राजस्थान की संस्कृति से जुड़ा हुआ रहता है। इस जुड़ाव के कारण ही राजस्थानी व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी आगे रहता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार में युवाओं के साथ कुठाराघात हुआ और पूरे प्रदेश में गैंगस्टर्स का बोलबाला था। जबकि राजस्थान में हमारी सरकार ने गठन के साथ ही पेपरलीक के मामलों की जांच के लिए एसआईटी एवं गैंगस्टर्स माफिया को खत्म करने के लिए एंटी गैंगस्टर्स टास्क फोर्स का गठन किया और अपराधियों पर शिकंजा कसा। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान में 11 महीने में ही संकल्प पत्र के 50 प्रतिशत वादों को पूरा करने का काम किया है। इसी तरह महाराष्ट्र में भी डबल इंजन की सरकार मे विकास को गति मिलेगी और नए आयाम स्थापित होंगे।

Rajasthan News: विद्याधरनगर स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने किया राम कथा का श्रवण

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को विद्याधरनगर स्टेडियम पहुंचकर जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परम पूजनीय जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी का पूरा जीवन मानव कल्याण को समर्पित है। अयोध्या के नव्य-भव्य राम मंदिर निर्माण में उनका बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे महान संत का पावन सानिध्य प्राप्त होना बहुत सौभाग्य की बात है। श्री शर्मा ने इस अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य आरती में सम्मिलित होकर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना भी की।

C M News: वागड़ क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्पित —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वागड़ क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। हमारी सरकार हमेशा जनजातीय समाज की प्रगति और गौरव को बढ़ाने का काम करती रहेगी। श्री शर्मा शुक्रवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बांसवाड़ा जिले के गोविन्द गुरू महाविद्यालय मैदान में आयोजित नवादि युगधारा प्रणेता समागम कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मना रहे हैं। भगवान बिरसा मुंडा ने अपना जीवन भारत के स्वतंत्रता संग्राम, विरासत और संस्कृति को समर्पित कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस देशवासियों के लिए भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में आदिवासी समुदायों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के आदिवासी वीर योद्धा महाराणा प्रताप के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़े और अपनी जन्म-भूमि के गौरव के लिए मर-मिटे थे। वागड़ अंचल में गोविंद गुरु के नेतृत्व में आदिवासी वीरों ने अंग्रेजों की गुलामी से लड़ने का काम किया। वागड़ की धरती पर मानगढ़ धाम 1500 से अधिक आदिवासी वीरों के बलिदान का साक्षी है। C M News श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की जनकल्याणकारी योजनाओं से देश के करोड़ों आदिवासी परिवारों का जीवन आसान हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने पीएम-जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान- जनमन की शुरूआत की है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से देशभर में 63 हजार आदिवासी गांवों में 5 करोड़ से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत राज्य के 40 जिलों के 208 पंचायत समितियों के 6019 गांवों में सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत विकास कार्य करवाकर इन गांवों को विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डूंगरपुर में डूंगर बरंडा और बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा जनजातीय नायकों के स्मारकों का निर्माण, उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय का निर्माण करेंगे। अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए टीएसपी फंड की राशि 1 हजार करोड़ से बढ़ाकर एक हजार 500 करोड़ रुपये कर दी है। खेल अकादमियों में छात्र-छात्राओं की मेस भत्ता राशि को बढ़ाकर 4 हजार रूपये प्रतिमाह किया है। उन्होंने कहा कि शाहबाद-बारां में सहरिया जनजाति के लिए तीरंदाजी व एथलेटिक्स खेल अकादमी की स्थापना करेंगे। साथ ही, 7 नवीन आश्रम छात्रावास, 1 नवीन खेल अकादमी, 3 नवीन आवासीय विद्यालय एवं 250 नवीन मां-बाडी केन्द्र स्वीकृत किये हैं। श्री शर्मा ने कहा कि वनाधिकार अधिनियम के तहत वन क्षेत्रों में निवास करने वाले आदिवासियों व परम्परागत वन निवासियों के कल्याण के लिए गोविन्द गुरू जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजना की घोषणा की गई थी, जिसका शुभारंभ आज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वागड़ क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यहां रेलवे, हाईवे, विद्यालय जैसे कार्यों से विकास को बढ़ाया जा रहा है। महाराणा प्रताप सर्किट एवं धार्मिक सर्किट भी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीतामाता अभयारण्य, त्रिपुरा सुंदरी, बेणेश्वर धाम और मानगढ़ धाम को जोड़ते हुए पर्यटन सर्किट बनाने एवं इस क्षेत्र को औद्योगिक रूप से बढ़ावा देकर यहां के युवाओं को रोजगार देने का काम हमारी सरकारी करेगी। श्री शर्मा ने समारोह में दो राजसखियों को 114 करोड़ रुपये का चैक प्रदान किया। उन्होंने आदिवासी जनजातीय क्षेत्र में उन्नत किसान, महिला उद्यमी, शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली पांच-पांच प्रतिभाओं सहित नवाचार करने वाले दो व्यक्तियों को पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने मेला मैदान में लगाई स्टॉल्स एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री को आदिवासी अंचल की पहचान मांडना चित्र और तीर कमान भेंट किया गया। श्री शर्मा ने इस अवसर पर गोविन्द गुरू जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजना की पुस्तिका का भी विमोचन किया।

Rising Rajasthan News: जमीनी स्तर पर आम नागरिक की सेवा करेंगे —मुख्यमंत्री

0
गुरूवार को राइजिंग राजस्थान स्वास्थ्य प्री-समिट में स्वास्थ्य, चिकित्सा और आयुष क्षेत्र के निवेशकों के साथ 16,176 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किये। समिट में हुए एमओयू के साथ ही ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट— 2024 के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में हस्ताक्षरित कुल निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा 25,400 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वहीं राजनिवेश पोर्टल पर अब तक 57 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। प्री—समिट में किए गये एमओयू में चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए 14,000 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू हुए, जबकि आयुष क्षेत्र में 2,157 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में अब तक प्राप्त निवेश प्रस्तावों के धरातल पर आने से राज्य में 6 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। एमओयू के जरिए निवेशकों ने जयपुर, अजमेर, जोधपुर, राजसमंद, सीकर और सिरोही सहित विभिन्न जिलों में फार्मा इकाइयां, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, होम्योपैथी, आयुर्वेद कॉलेज, आयुष अनुसंधान पंचकर्म केंद्र, उन्नत आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस अवसर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष में इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित कर हमारी सरकार ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है कि हम न केवल एमओयू पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं, बल्कि अगले 3-4 वर्षों में उन्हें धरातल पर भी उतारने जा रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के छोटे और बड़े सभी निवेशकों को स्वागत है, क्योंकि वे सभी जमीनी स्तर पर आम नागरिक की सेवा करेंगे और स्वस्थ एवं समृद्ध प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। Rising Rajasthan News आयुष क्षेत्र में हुए एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जानकर प्रसन्नता हो रही है कि हमने आयुष क्षेत्र में बड़ी संख्या में एमओयू किए हैं। आयुष न केवल भारत की विरासत और पहचान है, बल्कि यह दुनिया के सामने भारतीय संस्कृति और सदियों पुराने ज्ञान को भी प्रदर्शित करता है। दुनियाभर के लोग आयुष की ओर आकर्षित हो रहे हैं और आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता स्पष्ट है। राज्य की 88% आबादी स्वास्थ्य बीमा के दायरे में है, जो देश में सबसे अधिक है। राज्य के 2024-25 के बजट में भी स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र के लिए अब तक का सबसे अधिक 28,000 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है, जो राज्य के कुल बजट का 8.26% से अधिक है। प्रदेश में मेडिकल वेल्यू ट्रेवल के क्षेत्र में भी काफी संभावनाएं है। इसे देखते हुए राज्य सरकार जल्द ही मेडिकल वेल्यू ट्रैवल पॉलिसी एवं फार्मा सेक्टर के विकास के लिए नई फार्मा पॉलिसी लाएगी। श्री शर्मा ने कहा स्वास्थ्य का क्षेत्र सीधा जनसेवा से जुड़ा हुआ है। इसमें निवेश की गई एक—एक पाई लोगों के दु:ख—दर्द दूर करने का काम करेगी और उनके चेहरों पर मुस्कान लाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान देने वाला व्यक्ति मानवता की सेवा कर रहा है। इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में एमओयू पर हस्ताक्षर किया जाना माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में सरकार द्वारा पिछले 11 महीनों में शुरू की गई नीतियों के प्रभावों को दर्शाता है। ये नये निवेश न केवल राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए नए स्वास्थ्य सेवा संस्थान, मेडिकल कॉलेज और वेलनेस सेंटर लाएंगे, बल्कि युवाओं के लिए लाखों रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगे।

Jaipur Smart City News: तेरह देश के प्रतिनिधियों ने किया जयपुर स्मार्ट सिटी ऑफिस का अवलोकन

0
जयपुर स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली को जानने के लिए गुरुवार को तेरह देशों से आए 23 सदस्यीय दल ने जयपुर स्मार्ट सिटी ऑफिस का दौरा किया। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने जयपुर स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे प्रोजेक्ट के बारे में जाना। जिनमें मुख्यतया इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर प्रॉजेक्ट की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान सभी अतिथियों ने आई सीएंडसी सेंटर की कार्यप्रणाली को सराहा। वहीं हेरिटेज के संरक्षण के लिए चल रहे अन्य प्रोजेक्ट की भी जानकारी ली। श्री हसीजा ने बताया कि आए हुए डेलिगेशन में प्रशासकीय अधिकारी, इंजीनियर और म्युनिस्पल कार्पोरेशन के कार्मिक थे। उन्होने बताया कि सभी अतिथियों का हवामहल का प्रतीक मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। इन प्रतिनिधियों में कैमरून, स्लोवाकिया, इथोपिया, घना, केन्या, म्यांमार, नाइजीरिया, फिलिस्तीन, सूडान, श्रीलंका, तजाकिस्तान, युगांडा और जिम्बाब्वे जैसे देश शामिल हुये है।