C M NEWS: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्याें का हो रहा तेजी से क्रियान्वयन —मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्याें को तेजी से क्रियान्वित कर रही है। राज्य सरकार के दोनों बजट में 200 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पर्याप्त बजट आवंटित किया गया है। जिससे आज प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे जिससे विकसित भारत-विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को साकार किया जा सके। श्री शर्मा मंगलवार को अजमेर के केकड़ी में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में हो रही अच्छी बारिश प्रदेश में धन-धान्य, खुशहाली एवं समृद्धि आने का शुभ संकेत है। हमने पिछले वर्ष हरियाली तीज पर हरियालो राजस्थान की शुरूआत की और पिछले वर्ष हमने साढ़े सात करोड़ पौधे लगाए। अब इस वर्ष प्रदेश में 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस बार हरियाली तीज के दिन भी हम सघन वृक्षारोपण करने जा रहे हैं। 5 साल के कार्यकाल में प्रदेश में 50 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस अभियान के तहत कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के कार्यकाल को टारगेट करते हुए कहा कि हमने केवल डेढ़ साल में ही प्रदेश के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं जोकि पूर्ववर्ती सरकार के पूरे 5 साल से भी ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने डेढ़ साल में किसानों को 253 लाख मीटर से अधिक तारबंदी के लिए अनुदान दिया और 32 हजार से अधिक फार्म पौंड बनवाए हैं। जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में केवल 113 लाख मीटर तारंबदी के लिए अनुदान दिया व केवल 29 हजार पौंड बनवाए। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में 55 पशु चिकित्सालयों का प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नयन हुआ। वहीं, पूर्ववर्ती सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में केवल 48 का ही क्रमोन्नयन किया। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में बिजली उत्पादन क्षमता में 4 हजार 270 मेगावॉट की वृद्धि हुई जबकि पिछली सरकार के पूरे कार्यकाल में 3 हजार 948 मेगावॉट की ही वृद्धि हुई। इसके अतिरिक्त हमारे कार्यकाल में सार्वजनिक स्थानों पर 4 हजार 598 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए जबकि पिछली सरकार ने 5 साल में 2 हजार 813 सीसीटीवी कैमरे ही लगाए।

केकड़ी में 1 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात-

समारोह के दौरान केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री ने केकड़ी में लगभग 423 करोड़ रुपये से जल जीवन मिशन के तहत केकड़ी-सरवाड़ क्षेत्र के लिए जल आपूर्ति प्रणाली कार्य का शिलान्यास किया। केकड़ी विधानसभा के 157 गांवों को शुद्ध पेयजल के लिए 300 करोड़ रुपये की लागत से क्लस्टर पंपिंग सिस्टम, ओवरहेड टैंक और वितरण प्रणाली स्थापित करने के कार्यों का भी आज शिलान्यास किया गया। समारोह में 291 करोड़ रुपये की लागत से बीसलपुर बांध पैकेज-2 के अंतर्गत बीसलपुर बांध से केकड़ी तक वर्षा जल की ट्रांसमिशन मुख्य प्रणाली और इनटेक पर इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्य का भी शिलान्यास किया। बजट घोषणा 2025-26 के तहत 200 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों के निर्माण और विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया गया। वहीं कार्यक्रम में 26 सड़कों का भी लोकार्पण भी किया। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ से अधिक की महत्वपूर्ण बजट घोषणाएं की हैं, जो इस क्षेत्र को विकास के नए शिखर पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सामुदायिक चिकित्सालय, भिनाय की बेड क्षमता बढ़ाना, सरवाड़ में महाविद्यालय, टांटोटी को नवीन नगरपालिका का दर्जा, प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय, केकड़ी को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत, बांदनवाड़ा में 132 केवी जीएसएस के निर्माण के लिए भूमि आवंटन, आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी औषधालय को जिला आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने सहित विभिन्न निर्णय किए गए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने यहां रक्तदान शिविर का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने परिसर में पीपल का पौधा भी लगाया। समारोह में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक शत्रुघ्न गौतम, वीरेन्द्र कानावत, राजेन्द्र गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Rajasthan News: लंबे समय से अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स का काम लंबित होना चिंतनीय —मंत्री खर्रा

अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स और सीवेज के काम की प्लानिंग आमजन की ज़रूरतों, सुरक्षा और सुव्यवस्थित नगरीय विकास को ध्यान में रखकर की जाए। यह कहना है नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा का । सोमवार को डीएलबी मुख्यालय के सभागार में आयोजित हुई रुडसिको की 60 वी बोर्ड मीटिंग सम्पन्न हुई। मीटिंग में पिछली बोर्ड के कार्यों, RUIDP, RUDSICO, RAVIL द्वारा केन्द्र और राज्य पोषित योजना PMAY, AMRUT, की समीक्षा की गई व योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक कार्य करवाने के लिए निर्देश दिये गये । श्री खर्रा ने कहा की सीवेज का काम शुरू करने से पहले ही उसकी निर्माण अवधि , गुणवत्ता और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना बनाई जाए ताकि किसी प्रकार की कोई जान माल की हानि ना हो। सीवेज के इनलेट और आउटलेट के निर्माण का विशेष ध्यान रखा जाए। सीवेज ड्रेनेज परियोजना की डी.पी.आर. निर्माण के समय विशेष ध्यान रखें और क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कमी न रहे। डी.पी.आर. की शुद्धता और उसके क्रियान्वयन के लिए संबंधित तकनीकी अधिकारी उत्तरदायी होंगे। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को भी नोटिस जारी कर उन पर जुर्माना लगाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी कोई समस्या ना आए। उन्होंने अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया, श्री खर्रा ने कहा की लंबे समय से अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स का काम लंबित होना चिंतनीय है। उन्होंने निर्देश दिए की इन आवासों के निस्तारण की प्रभावी कार्य योजना तैयार कर जल्द से जल्द आम जन के आवास के सपने को साकार किया जाए। इस दौरान रूडसिको के दो स्वतंत्र निदेशकों की नियुक्ति का भी अनुमोदन किया गया। श्रीमती सुमन शर्मा और श्री सूर्य प्रकाश चौपड़ा को नियमानुसार रुडसिको का स्वतंत्र निदेशक बनाया गया है। समीक्षा के दौरान नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव डॉ देबाशीष पृष्टि ,स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन, पीएचईडी विभाग के मिशन निदेशक रवीन्द्र गोस्वामी, आवासन आयुक्त डॉ रश्मि शर्मा, रुडसिको के कार्यकारी निदेशक हरि मोहन मीणा, डीएलबी निदेशक प्रतीक जुईकर, वित्तीय सलाहकार उम्मेद सिंह, मुख्य अभियंता अरुण व्यास, प्रदीप गर्ग सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaipur News: जयपुर के पॉण्ड्रीक पार्क में 27 और 28 जुलाई को होगा तीज मेले का भव्य आयोजन

प्रमुख शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति व पुरातत्व राजेश यादव की अध्यक्षता और पर्यटन आयुक्त श्रीमती रूकमणि रियाड़ व विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में तीज का उत्सव और अधिक भव्यता से मनाने और तीज माता की शोभायात्रा की व्यवस्थाओं की तैयारी के सम्बन्ध में सोमवार को जयपुर स्थित पर्यटन भवन में समीक्षा की गई। श्री यादव ने कहा कि 27 और 28 जुलाई को जयपुर में दो दिवसीय तीज उत्सव का आयोजन पहले से और अधिक भव्य और आकर्षक रूप में किया जाएगा। जिसमें राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति और परम्पराएं अद्भुत व आकर्षक रूप से प्रदर्शित होंगी। तीज उत्सव में जयपुर के आम नागरिक और देशी विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। प्रमुख शासन सचिव पर्यटन ने दो दिवसीय तीज उत्सव के सम्पूर्ण आयोजन की रूप रेखा पर चर्चा करते हुए बताया कि तीज माता के शौभायात्रा में इस बार राजस्थान की लोक कलाओं में उत्कृष्ठ रूप से पारंगत लगभग 200 लोक-कलाकार अपनी कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। उन्होने बताया कि इस बार पॉण्ड्रीक पार्क में तीज मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा मेले में महिलाओं के द्वारा तैयार सामान का क्राफ्ट मार्केट लगाया जाएगा। मेले में फूड स्टाल्स् के साथ महिलाओं के लिए झूले, मेहन्दी माण्डणे की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पॉण्ड्रीक पार्क में लोक कलाकारों द्वारा कला प्रदर्शन किया जाएगा। इसी प्रकार छोटी चौपड पर तीज माता की पूजा की जाएगी एवं कलाकारों द्वारा रोचक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

Cooperative Department News:सहकरिता विभाग में “अहो रूपम अहो ध्वनि”

0
संस्कृत में एक वाक्यांश है “अहो रूपम अहो ध्वनि” जिसका अर्थ है “अहा, क्या रूप है! अहा, क्या ध्वनि है!” जहां दो व्यक्ति एक-दूसरे की झूठी प्रशंसा कर रहे होते हैं, खासतौर पर जब दोनों में से किसी के पास प्रशंसा करने लायक कुछ खास न हो। संस्कृत में एक उदाहरण है, “उष्ट्राणां विवाहेषु गीतं गायन्ति गर्दभाः। परस्परं प्रशंसन्ति अहो रूपं अहो ध्वनिः।” जिसका अर्थ है, गधे ऊंटों के विवाह में गीत गाते हैं और एक-दूसरे की प्रशंसा करते हैं, “अहो रूपं अहो ध्वनिः” कहकर। कुछ इसी तरह की घटना सहकारिता विभाग में देखने  को मिली। मौका था सोमवार को अपेक्स बैंक सभागार में ‘सहकार एवं रोजगार उत्सव’ के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का धन्यवाद देने का। इस दौरान सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने सहकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती मंजू राजपाल की जम कर प्रशंसा की और श्रीमती राजपाल ने भी मंत्री दक की पग रोप कर प्रशंसा के पुल बांधे। जबकि सफल आयोजन का श्रेय आमजन, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जाता है। आमजन बरसात के मौसम में भी श्री शाह को सुनने के लिये डटे रहे और श्री शाह भी सही समय पर सभा में पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सहकारिता विभाग की समय—समय पर समिक्षा कर विभाग की कमी—बेसी को दूर किया था। विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने तो मंत्री की शान में यहां तक गाल बजा दिये कि उन्होने कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी स्वयं अपने कंधों पर लेकर दिन-रात मेहनत की है और सफल आयोजन का श्रेय केवल और केवल मंत्री दक को दे दिया। इसलिए, “अहो रूपम अहो ध्वनि” का उपयोग किसी ऐसे व्यक्ति की प्रशंसा करने के लिए किया जाता है जो वास्तव में प्रशंसा के योग्य नहीं है।

Crime News: कॉलोनी में ताला-चाबी ठीक करने वालों से रहे सावधान

यदि आपकी कॉलोनी में ताला-चाबी ठीक करने वाले धूम रहे है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। क्योंकि ये लोग ताला-चाबी गैंग हो सकती है। हालहि में उदयपुर पुलिस ने देश में कुख्यात ताला-चाबी गैंग का पर्दाफाश किया है। आपको बतादें कि उदयपुर में गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने ताला-चाबी गैंग का पर्दाफाश करते हुए 3 बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार ये बदमाश बाइक से दिन में रैकी करते है और रात में चोरी को अंजाम देते थे। गैंग के लोग शहरों में चोरी करने के लिये कार से जाते है। कार खड़ी कर ये लोग कॉलानियों में ताला-चाबी ठीक करने के बहाने पैदल या फिर बाइक से घूमते है और सूने मकानों की रेकी करते हैं। फिर देर रात नकाबपोश होकर मौका मिलते ही मकान में चोरी करते है।

C M NEWS: युवाओं के लिए रोजगार सृजन में राइजिंग राजस्थान समिट मजबूत आधार -मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की आर्थिक प्रगति को गति प्रदान करने में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट मील का पत्थर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर बनाने में समिट के निवेश प्रस्ताव उल्लेखनीय भूमिका निभाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार सृजन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार सृजन के हमारे लक्ष्य की दिशा में भी यह समिट मजबूत आधार बनेगी। समिट के तहत हुए एमओयू के धरातल पर मूर्त रूप लेने से युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। श्री शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के एमओयू क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय से एमओयू को धरातल पर मूर्त रूप देने के साथ ही आगामी तिमाही के ग्राउंड ब्रेकिंग लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उद्योग विभाग को सभी विभागों से समन्वय कर एमओयू क्रियान्वयन की प्रगति की मॉनिटरिंग करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

आगामी तिमाही के ग्राउंड ब्रेकिंग लक्ष्यों की समयबद्ध हो प्राप्ति —

मुख्यमंत्री ने इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में विभागों के ग्राउंड ब्रेकिंग लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए ऊर्जा, उद्योग, खनन, यूडीएच, कृषि और चिकित्सा और स्वास्थ्य विभागों के एमओयू क्रियान्वयन की प्रगति की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तिमाही में भी इसी प्रकार ग्राउंड ब्रेकिंग लक्ष्यों की प्राप्ति की जाए। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में और तेजी लाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एविएशन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र के निवेश प्रस्तावों के धरातल पर मूर्त रूप लेने से प्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा । श्री शर्मा ने समिट के तहत हुए निवेश एमओयू की श्रेणीवार भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तिमाही में इनकी ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए सभी विभाग विशेष कार्ययोजना बनाकर मिशन मोड पर कार्य करें। इस अवसर पर उद्योग व वित्त विभाग के अधिकारी मौजूद रहे तथा राजस्व एवं यूडीएच विभाग के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

School Crime News: 50 छात्राओं से शिक्षक करता था घिनौनी करतूत, स्कूल प्रशासन को भनक तक नहीं

प्रदेश में लगता है स्कूलों में भी बेटियां सुरक्षित नहीं है। सरकार भले हीं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती हो लेकिन यहां भी बेटियां सुरक्षित नजर नहीं आ रही है। प्रदेश के दो स्कूलों में ऐसी शर्मशार घटनाएं संज्ञान में आई है। जिससे अभिभावक अपनी बेटिंयों की सुरक्षा को लेकर सहम से गये है। दौसा और चित्तौड़गढ़ जिलों में सरकारी स्कूल के शिक्षकों द्वारा घिनौनी करतूत से शिक्षा मंत्री की कार्यप्रणली पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड के एक गांव में सरकारी स्कूल के शिक्षक शिक्षक दो साल से छात्राओं को अश्लील मैसेज कर शोषण कर रहा था। लेकिन प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले का खुलासा जब हुआ तब एक छात्रा ने छुपकर शिक्षक का वीडियो बना कर परिजनों को दिखाया। वहीं आरोपी आरोपी शिक्षक पर स्कूल की 50 से अधिक छात्राओं का शोषण का आरोप है। बताया गया है कि शिक्षक नाबालिग छात्राओं को फुसलाकर शोषण करता था। हलांकि पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और विभाग ने आरोपी शिक्षक शंभू लाल को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर दौसा जिले में भी एक सरकारी स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक द्वारा एक वर्ष से छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने की बात संज्ञान में आई है। संचार माध्यमों के अनुसार आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से कार्यवाहक प्रधानाध्यापक राजेंद्रसिंह गुर्जर एक वर्ष से अश्लील हरकतें करता था। छात्रा की सजगता के चलते शिक्षक गुर्जर का भांडा फूट गया। छात्राओं द्वारा घटना के सत्यापन के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे बसवा थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया और कार्यवाहक प्रधानाध्यापक को थाने ले आए। थाना प्रभारी श्री शर्मा ने बताया कि छात्रा के ताऊजी ने राजेंद्रसिंह गुर्जर पर मामला दर्ज कराया है। उन्होने बताया कि छात्रा शुक्रवार सुबह 7 बजे विद्यालय में पढऩे गई थी। जिस पर अध्यापक ने उसके साथ अश्लील हरकत व छेड़छाड़ की। एक वर्ष पूर्व भी अध्यापक ने छेड़छाड़ की थी। लेकिन गांव के लोगों द्वारा समझाइश पर शिकायत दर्ज नहीं कराई। वहीं छात्रा के ताऊजी ने रिपोर्ट में विद्यालय की एक शिक्षिका पर भी आरोपी का सहयोग करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। इस दौरान शिक्षा विभाग की उदासीनता देखने को आई। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी व कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए वहां मौजूद थानाधिकारी ने लोगों को समझा कर मामले को शांत कराया।

Senior Citizen News: प्रदेश में वरिष्ठजन तीर्थयात्रा योजना-2025 के आवेदन शुरू

प्रदेश में वरिष्ठजन नागरिक तीर्थयात्री योजना-2025 के लिए देवस्थान विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस ऑनलाइन प्रक्रिया को देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने देवस्थान विभाग की वेबसाइट https://devasthan.rajasthan.gov.in पर बटन दबाकर पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सचिव देवस्थान और कार्मिक विभाग के के पाठक, उप शासन सचिव आलोक सैनी और सहायक आयुक्त देवस्थान रतनलाल योगी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार इस बार 50 हजार वरिष्ठजनों को एसी ट्रेन व 6 हजार यात्रियों को हवाई जहाज से यात्रा कराई जाएगी। ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त-2025 तक किया जा सकेगा। इसके लिए 60 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक पात्र होंगे। आवेदक को राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए। आवेदक का जन्म एक अप्रेल-1966 से पूर्व होना चाहिए। इसके अलावा आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे यात्री जिनका चयन विगत वर्षों में हो गया और वे स्वेच्छा से यात्रा पर नहीं गए, उन्हें इस बार शामिल नहीं किया जाएगा।

ऐसे कर सकेंगे आवेदन—

इच्छुक वरिष्ठजन देवस्थान विभाग की वेबसाइट https://devasthan.rajasthan.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर यात्रा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के पश्चात जिला स्तर पर कमेटी द्वारा पात्र लोगों का चयन किया जाएगा। यात्रा के लिए 100 प्रतिशत अतिरिक्त यात्रियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। चुने गए पात्र लोगों को यात्रा पर भेजा जाएगा। एक ट्रेन में 800 वरिष्ठ जन यात्रा कर सकेंगे। श्री कुमावत ने बताया कि इस बार स्वर्ण मंदिर के बाद सिख समुदाय की मांग पर सिख धर्म के कई नए तीर्थ स्थलों को यात्रा में शामिल किया गया है। इनमें महाराष्ट्र के हजूर साहिब (नांदेड़) व पटना साहिब (बिहार) भी हैं। इसके अलावा ट्रेन से कुल 15 रूट तय किए गए हैं, जिन पर वरिष्ठजनों को लगभग 40 तीर्थस्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। इनमें हरिद्धार, ऋषिकेश-अयोध्या-वाराणसी,सारनाथ, सम्मेदशिखर-पावापुरी, मथुरा, वृंदावन, बरसाना, आगरा, द्धारकापुरी, नागेश्वर, सोमनाथ, तिरूपति, पदमावती, कामख्या-गोवाहाटी, गंगासागर-कोलकाता, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, रामेश्वरम-मदुरई, वैष्णोदेवी, अमृतसर-वाघा बार्डर, महाकालेश्वर, उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्रयम्बकेश्वर-घृष्णेश्वर-एलोरा, बिहार शरीफ, पटना साहिब-बिहार व श्री हजूर साहिब नांदेड़-महाराष्ट्र तथा गोवा के मंदिर व अन्य स्थल चर्च आदि शामिल हैं। उन्होने बताया कि ट्रेन पर राजस्थानी संस्कृति नजर आएगी। ट्रेन को खासतौर पर इस तीर्थ यात्रा के लिए डिजाइन किया है। विशेषतौर पर सभी 11 डिब्बों पर राजस्थानी लोक नृत्य, लोक कलाएं, तीज त्यौंहार की झलक नजर आएगी। प्रत्येक डिब्बे पर राजस्थान के अलग-अलग मंदिर, दुर्ग, अन्य पर्यटक स्थल व अभयारण्य को दर्शाया गया है। ट्रेन में डॉक्टर तथा मेडिकल स्टाफ की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा सभी यात्रियों के ठहरने के लिए होटल, ट्रांसपोर्ट व मंदिर दर्शन की सुविधा के साथ साथ यात्रियों के लिए सुबह-शाम के खाने व नाश्ते की व्यवस्था भी देवस्थान विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी।

Coaching News:मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अभ्यर्थी का जनाधार या डीजी-लॉकर में दस्तावेजों का अपडेशन जरूरी

0
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना’ के लिए पोर्टल जल्द खोला जाना है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, 10वीं—12वीं की अंक तालिकाओं का डेटा व अन्य जानकारियां समय रहते राज ई-वॉल्ट डिजी लॉकर या जनाधार में अपडेट (अद्यतन) करवा लें। निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना’ के तहत निःशुल्क कोचिंग करवाए जाने के लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करने के लिए पोर्टल शीघ्र खोला जावेगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि योजना के लिए सत्र 2024-25 से लागू नवीनतम संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी जनाधार में मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र व अन्य वांछित जानकारी और राज ई-वॉल्ट डिजी लॉकर में 10वीं एवं 12वीं की अंक तालिकाओं का डाटा समय रहते हुए अपडेट (अद्यतन) एवं आवश्यकतानुसार त्रुटि सुधार सुनिश्चित कर लें। ताकि पोर्टल खुलने पर आवेदन के समय संबंधित दस्तावेजों से संबंधित डेटा, योजना के पोर्टल पर ऑटो-फेच हो सके। श्री मोदी ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग’ योजना के अन्तर्गत विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी उत्कृष्ट ढंग से करवाने के लिए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए सूचीबद्ध कोचिंग संस्थाओं से निःशुल्क कोचिंग करवायी जानी है। गौरतलब है कि आमजन खासकर युवाओं में इस योजना के प्रति खासा क्रेज देखा गया है।

C M NEWS: मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान सहकारिता में देश केे शीर्ष 5 राज्यों में शामिल -अमित शाह

0
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरूवार को जयपुर के दादिया में सहकार एवं रोजगार उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरता, देश भक्ति और धर्म संरक्षण की भूमि है। इसने राणा सांगा, महाराणा प्रताप, वीर दुर्गादास राठौड़, रानी पद्मिनी, पन्नाधाय, भामाशाह जैसे व्यक्तित्वों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान देश के कृषि विकास में बड़ा योगदान दे रहा है। देश में ग्वार का 90 प्रतिशत से अधिक उत्पादन यहीं होता है। साथ ही, राजस्थान सरसों, बाजरा, तिहलन एवं मिलेट्स उत्पादन में भी देश में पहले स्थान पर है। केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अल्प समय में ही बहुत काम किए हैं। पहले राजस्थान पेपरलीक से त्रस्त था। राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन कर पेपरलीक माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल के वेट में कटौती, 450 रूपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध करवाना, राम जल सेतु लिंक परियोजना, नवनेरा बैराज, यमुना जल समझौते के तहत ताजेवाला हैड से पानी लाने का कार्य, गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी पहुंचाने सहित कई महत्वपूर्ण काम किए हैं।
राजस्थान ने सहकारिता में नवाचारों को किया अंगीकार- श्री शाह ने कहा कि देश में 8 लाख 50 हजार कॉपरेटिव्स से 31 करोड़ लोग जुड़े हैं। हमने पिछले 4 वर्षों में 61 नवाचार कर सहकारिता को मजबूत किया है। वहीं, 2 लाख नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) का काम शुरू किया गया है, जिसमें से 40 हजार बना ली गई हैं। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान सहकारिता में नवाचारों को अंगीकार करते हुए बेहतरीन काम कर रहा है तथा देश के टॉप 5 राज्यों में शामिल हो चुका है।
राज्य सरकार जल्द लाएगी को-ऑपरेटिव कोड- इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सहकार से समृद्धि के पथ पर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारी समितियों और पैक्‍स को सशक्त बना रही है। आज प्रदेश में 41 हजार से अधिक सहकारी समितियां हैं, जिनसे 1 करोड़ 10 लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। अब तक 976 नए एम-पैक्स का गठन किया जा चुका है। दो वर्षों में शेष सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समितियों का गठन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नया को-ऑपरेटिव कोड लाने की दिशा में कार्य कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार महिला, युवा, गरीब और किसान के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 75 हजार से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को नियुक्ति दे चुकी है। लगभग 28 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है। इस प्रकार 2 लाख से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन है।
10 हजार गांवों के बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा के ऊपर लाएंगे- मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय के दर्शन को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा आयोजित किया, जिसमें लाखों जरूरतमंदों को राहत मिली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत 10 हजार गांवों के सभी बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा के ऊपर लाएगी। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में 5 हजार गांवों में सर्वे और आवेदन प्रक्रिया का काम हो चुका है, वहीं 5 हजार गांवों में कार्य किया जा रहा है।
श्री शाह ने किए विभिन्न लोकार्पण तथा योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विश्व की वृहत अन्न भण्डारण योजना के तहत निर्मित 24 गोदामों तथा 64 मिलेट्स आउटलेट्स का वर्चुअल लोकार्पण एवं श्वेत क्रांति 2.0 पीडीसीएस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग भी की। गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1400 लाभार्थियों को लगभग 12 करोड़ रूपये का ऋण और दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को 2346 माइक्रो एटीएम का वितरण किए। श्री शाह ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक व प्रमाण-पत्र तथा युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। कार्यक्रम से जुड़े जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में 8 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया। श्री शाह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े की सफलता पर आधारित लक्ष्य-पथ-प्रण-अन्त्योदय पुस्तक का विमोचन भी किया। इससे पहले श्री शाह ने 100 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सहकारिता विभाग की उपलब्धियों पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, डेयरी एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, मुख्य सचिव सुधांश पंत, केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय में सचिव आशीष कुमार भूटानी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।