RPSC News: आरपीएससी ने जारी की 7 परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथि

0
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा बुधवार को 11 परीक्षाओं का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें 7 परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथि के साथ 4 परीक्षाओं की संशोधित प्रस्तावित परीक्षा तिथि भी जारी की गई है। इन परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम यथा समय जारी कर दिया जाएगा। आयोग सचिव ने बताया कि तकनीकी सहायक भू-भौतिकी (भू-जल विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 एवं बायोकेमिस्ट (चिकित्सा शिक्षा विभागः ग्रुप-1) प्रतियोगी परीक्षा-2024 का आयोजन 24 जून 2025 तथा अनुसंधान सहायक (मूल्यांकन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 का आयोजन 28 जून 2025 को किया जाना प्रस्तावित है। कृषि विभाग के पदों हेतु सहायक कृषि अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि अनुसंधान अधिकारी (6 विषय) व सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी (5 विषय) प्रतियोगी परीक्षा-2024 का आयोजन 12 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2025 तक किया जाना प्रस्तावित किया गया है। वहीं संशोधित कार्यक्रमानुसार खान एवं भूविज्ञान विभाग के पदों हेतु भूवैज्ञानिक प्रतियोगी परीक्षा-2024 एवं सहायक खनि अभियंता प्रतियोगी परीक्षा-2024 का आयोजन 7 मई 2025 को किया जाना प्रस्तावित किया गया है। पूर्व में इन परीक्षाओं का आयोजन 31 अगस्त 2025 को किया जाना प्रस्तावित किया गया था। इसी प्रकार पूर्व में 26 अक्टूबर 2025 को प्रस्तावित सहायक मत्स्य विकास अधिकारी (मत्स्य विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 तथा 9 नवंबर 2025 को प्रस्तावित समूह अनुदेशक/सर्वेयर/सहायक शिक्षुता सलाहकार ग्रेड-द्वितीय (कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 का आयोजन 23 जून 2025 को किया जाना प्रस्तावित किया गया है।

Police Headquarters News: प्रदेश में पुलिस का सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा सम्पन्न

राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेश में 5 से 20 अक्टूबर तक संचालित ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़े‘ में पुलिस थानों से जुड़ी सैकड़ों सुरक्षा सखियों द्वारा चलाई गई विशेष मुहिम में 3 लाख 51 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को घर-घर जाकर महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता किया गया है। यह कैंपेन प्रदेश के एक हजार से अधिक पुलिस थानों के स्तर सक्रिय सुरक्षा सखियों द्वारा घर-घर चलाई गई। अभियान में सुरक्षा सखियों ने गांव-गुवाड़, नुक्कड़-मौहल्लों और प्रमुख स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अतिरिक्त महानिदेशक, पुलिस सिविल राइट्स एवं एएचटी श्रीमती मालिनी अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गत दिनों में गृह विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश में महिला सुरक्षा के प्रति विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश प्रदान किए थे। इसकी पालना में पुलिस मुख्यालय की मॉनिटरिंग में महिलाओं और बालिकाओं में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से यह अभियान सभी जिलों में संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि ‘सुरक्षा सखी पखवाड़े‘ में प्रदेश के सभी थानों से जुड़ी सक्रिय सुरक्षा सखियों के माध्यम से 2 लाख 36 हजार से अधिक बालिकाओं और एक लाख 15 हजार से ज्यादा महिलाओं को जागरूक किया गया।

Co-operation News: सहकार दीपोत्सव मेले का हुआ आगाज, सस्ती दरों पर उपलब्ध ग्रीन पटाखे

सहकारिता विभाग की शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां मंजू राजपाल ने मंगलवार को भवानी सिंह रोड स्थित नवजीवन सहकारी बाजार में उपभोक्ता संघ के उपहार सहकार दीपोत्सव मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। यह मेला 30 अक्टूबर तक प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। श्रीमती राजपाल ने कहा कि सहकारिता गुणवत्ता का प्रतीक है। आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सहकार दीपोत्सव मेले का आयोजन किया जाता है ताकि लोगों को गुणवतापूर्ण वस्तुएं उचित मूल्य पर प्राप्त हो सके। मेले का मुख्य आकर्षण शिवकाशी (तमिलनाडू) के ग्रीन पटाखे हैं, जिन पर 65 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। श्रीमती राजपाल ने कहा कि मेले में डिमांड के अनुरूप पटाखों की उपलबधता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेले के प्रति लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और हमारा प्रयास है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक बिक्री हो। उपभोक्ता संघ की प्रबंध संचालक शिल्पी पांडे ने बताया कि उपहार दीपोत्सव मेले में जयपुरवासियों के लिए खुले व गिफ्ट पैक में ग्रीन पटाखे, बर्तन, सजावटी फ्लावर, डिजाइनदार कैन्डल्स, बेडशीट्स के साथ ही पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, सूखे मेवे के उपहार पैक, नमकीन, परिधान और हाउस होल्ड सामान भी उपलब्ध है।

Chief Minister News: यूएई राजस्थान में करेगा अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में तीन लाख करोड़ रुपए का निवेश

0
राजस्थान में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में तीन लाख करोड़ रुपए के निवेश के ऐतिहासिक एमओयू पर मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और यूएई के निवेश मंत्री मोहम्मद हसन अल सुवैदी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। यह निवेश प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 60 गीगावाट क्षमता की सोलर, विंड और हाइब्रिड परियोजना की स्थापना के लिए किया जाएगा। यूएई के निवेश मंत्री सुवैदी और उद्योग विभाग के प्रमुख शासन सचिव अजिताभ शर्मा ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह ऐतिहासिक एमओयू अक्षय ऊर्जा से संबंधित आधुनिकतम तकनीक का उपयोग करते हुए एक दीर्घ अवधिक विद्युत परियोजना की स्थापना के माध्यम से प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से किया गया। इस पहल के अंतर्गत यूएई एक योग्य एवं सक्षम डेवलपर की नियुक्ति भी करेगा जो प्रदेश में शासन-प्रशासन के स्तर पर समन्वय स्थापित कर परियोजना को तेजी से साकार रूप प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और यूएई के बीच आर्थिक, वाणिज्यिक और रणनीतिक साझेदारी और गहरी हुई है। यूएई, भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, जबकि भारत से होने वाले निर्यात में यूएई दूसरे पायदान पर है। यह दोनों देशों के संबंधों की प्रगाढ़ता को दर्शाता है। वर्ष 2022 में दोनों देशों के बीच हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) से द्विपक्षीय व्यापार के नए अवसर खुल रहे हैं। यूएई के निवेश मंत्री ने कहा कि नवीकरणीय संसाधनों से ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति करना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पारंपरिक ऊर्जा से अक्षय ऊर्जा की ओर इस बदलाव में यूएई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राजस्थान की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों के लिए सर्वथा उपयुक्त हैं। निश्चित रूप से ये नवाचार ही आगे चलकर ऊर्जा क्षेत्र की तस्वीर बदलेंगे।

RCDF News: गोबरधन योजना के तहत आरसीडीएफ को केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने किया चैक भेंट

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गोबरधन योजना के अन्तर्गत आ रहे क्रान्तिकारी बदलाव को रेखांकित करते हुए राजस्थान में डेयरी विकास कार्यकम की सराहना की है। उन्होंने भीलवाड़ा मे लागू की जा रही गोबरधन योजना के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोबर उठाने वाली महिलाऐं अब कार्बन क्रेडिट जमा कर अतिरिक्त आय पैदा कर रही हैं और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में कार्बन क्रेडिट के मुद्रीकरण के लिये डेयरी क्षेत्र में प्रथम बार की गई इस प्रकार की पहल दुग्ध उत्पादकों के लिये अतिरिक्त आय सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गोबरधन योजना के अन्तर्गत दुग्ध उत्पादको को चूल्हे के लिये गैस, खेत के लिये खाद और कार्बन क्रेडिट के रूप में अतिरिक्त आय मिल रही है। श्री शाह ने मंगलवार को गुजरात के आणंद में एनडीडीबी के टी०के० पटेल सभागार में एनडीडीबी के हीरक जयन्ती वर्ष और श्री त्रिभुवन दास पटेल की जयन्ती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यह सम्बोधन दिया। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन की प्रबन्ध संचालक श्रुति भारद्वाज और भीलवाड़ा की दुग्ध उत्पादक लाभार्थी माया देवी कुमावत को कार्बन क्रेडिट का चैक भेंट किया।

JDA News: जेडीए ने केशव विद्यापीठ पर चार मंजिला अवैध व्यावसायिक भवन को किया सील

0
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जोन-10 में ईकोलोजिकल जोन में केशव विद्यापीठ जामडोेली के सामने जेडीए की बिना अनुमति और स्वीकृति के व्यावसायिक प्रयोजनार्थ बनी अवैध 4 मंजिला बिल्डिंग की नियमानुसार पुख्ता सील की गई। साथ ही ईकोलोजिकल जोन में निजी खातेदारी करीब 25 बीघा कृषि भूमि पर 03 नवीन अवैध कॉलोनियों का प्रारंभिक स्तर पर ही पूर्णतः ध्वस्त किया गया। उप महानिरीक्षक पुलिस कैलाष चन्द्र विश्नोई ने बताया कि जोन- 10 के क्षेत्राधिकार ईकोलोजिकल जोन में अवस्थित केशव विद्यापीठ जामडोेली के सामने जेडीए की बिना अनुमति व स्वीकृति के व्यावसायिक प्रयोजनार्थ 4 मंजिला बिल्डिंग/कॉम्पलैक्स का अवैध निर्माण किये जाने पर निर्माणकर्ता को धारा 32, 33 जेडीए एक्ट के तहत नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने हेतु पाबंद किया गया था। परन्तु निर्माणकर्ता द्वारा अवैध निर्माण नहीं हटाये जाने पर सक्षम स्तर से स्वीकृति प्राप्त कर धारा 34 (क) नोटिस जारी कर दिनांक 22.10.2024 को उक्त अवैध 4 मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग के प्रवेश द्वारों इत्यादि को इंजीनियरिंग शाखा की मदद से ईंटों की दीवारों से चुनवाकर गेटों, शटरों पर ताले सील चपडी लगाकर नियमानुसार पुख्ता सीलिंग की कार्यवाही की गई। जविप्रा द्वारा सीलिंग में हुए व्यय-खर्च की नियमानुसार संबंधित से वसूली की जायेगी।

Jaipur Foundation Day Celebration 2024: जलमहल की पाल पर सजी राजस्थानी गीतों की सुरमयी शाम

जलमहल की पाल पर केसरिया बालम आओ नी पधारे म्हारे देश….जैसे राजस्थानी गीतों की जैसे ही शुरुआत हुई, दर्शकों को सभा मौजूद सैकड़ों लोगो की तालियों गड़गड़ाने लगी। मौका था जयपुर स्थापना के 297 साल पूरे होने पर जल महल की पाल पर आयोजित गौरबंद सांस्कृतिक कार्यक्रम का। कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी कलाकारों ने कालबेलिया, घूमर, भवई, चरी नृत्य कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, राजस्थानी गायिका सुप्रिया और दिलबर हुसैन ने हिचकी, चांद चढ़यो गिग्नार, कुंवे पर एकली जैसे गीत गाकर दर्शकों की तालियों बटोरी। आयोजन के दौरान महापौर कुसुम यादव ने कहा कि जयपुर स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत 18 अक्टूबर से 18 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने जल महल की पाल पर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर समस्त जयपुरवासी को शुभकामना देते हुए कहा कि हमें हमारे शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाना है। इसकी शान और ऊंची हों। इसके लिए कचरा फैलाने वाले हर व्यक्ति के साथ रोको और टोको अभियान की शुरुआत करनी होगी। दीपावली का त्यौहार आ रहा है। घर घर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मां लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। अन्न धन की कामना की जाएगी। ऐसे में हमें हमारे शहर को भी स्वच्छ रखना है, जिससे गुलाबी नगरी का नाम स्वच्छता में हों और इस बार हमारी रैंक नंबर आएं।

Chhabra Thermal News: छबड़ा मोतीपुरा थर्मल पर देर शाम को कार्मिकों ने किया प्रदर्शन

0
छबड़ा के मोतीपुरा थर्मल पॉवर पर कार्मिकों ने तीसरे दिन भी देर शाम तक विरोध—प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रशासन के होस में आने के नारे लगाये। प्रदर्शनकारी NTPC के साथ हुये MOU को रद्द करने की मांग कर रहे थे। उन्होने अपनी मांग दौहराते हुये कहा कि सरकार हमारी जायज मांग नहीं मानती है तो हम आंदोलन में तेजी लाएगें। CTPP और RVUNL के प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बढ़ती बिजली की माँग को लेकर नई इकाईयां लगाने के लिए राज्य सरकार पुरानी इकाईयों को बेच रही है। सरकार के इस निर्णय से सभी कार्मिक और अधिकारी अपने भविष्य को लेकर तनावग्रस्त है। ये प्रदर्शन थर्मल की 6 यूनिट का NTPC के साथ मिलकर संयुक्त उपक्रम बना निजीकरण किये जाने पर किया जा रहा है।

Assembly by-election—2024,news: उपचुनाव के विधानसभा क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित

प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए आबकारी विभाग ने आदेश जारी कर इन क्षेत्रों में 11 नवंबर को शाम 6 बजे से लेकर 13 नवंबर शाम 6 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया है। वित्त (आबकारी) विभाग के संयुक्त शासन सचिव जसवंत सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार झुंझुनू, रामगढ़ (अलवर), दौसा, देवली-उनियारा (टोंक), खींवसर (नागौर) सलूंबर (उदयपुर) एवं चौरासी (डूंगरपुर) विधानसभा क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व अर्थात 11 नवंबर को शाम 6 बजे से, 13 नवंबर को शाम 6 मतदान समाप्ति तक इन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों और इनके तीन किलोमीटर की परिधि क्षेत्र में सूखा दिवस रहेगा। पुनर्मतदान की स्थिति में पुनर्मतदान की घोषणा से पुनर्मतदान की समाप्ति तक संबंधित मतदान केंद्र के क्षेत्र में भी सूखा दिवस रहेगा। साथ ही मतगणना दिवस 23 नवंबर, 2024 को जिला मुख्यालय झुंझुनू, अलवर, दौसा, टोंक, नागौर, उदयपुर एवं जिला डूंगरपुर की नगरपालिका या नगर परिषद क्षेत्र में भी सूखा दिवस घोषित किया गया है।

Chief Minister News: मुख्यमंत्री से अमेरिकी राजदूत ने की मुलाकात

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी 9 से 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाले राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में श्री गार्सेटी और अमेरिकी निवेशकों को आमंत्रित किया। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य में अक्षय ऊर्जा, खनन, आईटी और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सौर एवं पवन ऊर्जा के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एक नई पर्यटन नीति लाई जा रही है, जिसमें निवेशकों को कई तरह के लाभ दिए जाएंगे। राज्य में कौशल विकास, आई टी, बुनियादी ढ़ांचे के आधुनिकीकरण एवं रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा इन क्षेत्रों में निवेशकों के लिए ढेरों अवसर हैं। मुख्यमंत्री ने अमेरिकी विश्वविद्यालयों के राजस्थान में कैम्पस खोलने, जीसीसी और डाटा सेन्टर के क्षेत्र में काम करने के लिए आमन्त्रित किया। अमेरिकी राजदूत ने महिला विकास, ऊर्जा, शहरी विकास, खेलकूद इत्यादि के क्षेत्र में भी अमेरिका द्वारा सहयोग की इच्छा व्यक्त की।