Jaipur News: शौर्य और शहादत को सलाम : स्मृति, सम्मान और संकल्प का भावपूर्ण आयोजन

0
कलमकार मंच के तत्वावधान में आज राजस्थान चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सभागार में सुप्रसिद्ध चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “शौर्य और शहादत को सलाम” का गरिमामय लोकार्पण किया गया। यह आयोजन केवल एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सामूहिक स्मृति का भावपूर्ण उत्सव बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों के चित्र बनाकर उन्हें उनके परिजनों को भेंट करना चंद्रप्रकाश गुप्ता का अत्यंत स्तुत्य, संवेदनशील और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि आज के समय में, जब हम आज़ाद, भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त जैसे महान क्रांतिकारियों की स्मृतियों को धीरे-धीरे भुलाते जा रहे हैं, ऐसे निष्ठुर और उपभोक्तावादी माहौल में चंद्रप्रकाश गुप्ता का यह रचनात्मक कर्म अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है। श्री सिंह ने कहा कि बिना किसी लोभ-लालच के, निस्वार्थ भाव से एक अकेला कलाकार पिछले कई दशकों से इस “महायज्ञ” में निरंतर आहुति दे रहा है—यह अपने आप में हमारे सामाजिक और नैतिक जीवन की एक बड़ी उपलब्धि है। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के प्रति यह संवेदना हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विपिन कुमार पांडे ने कहा कि आज शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता से अधिक सम्मान और संवेदनशील स्मरण की आवश्यकता है और चंद्रप्रकाश गुप्ता पिछले 27 वर्षों से इसी भाव के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस यात्रा के साक्षी रहे हैं और उन्हें भी कई अवसरों पर चंद्रप्रकाश गुप्ता द्वारा बनाए गए शहीदों के चित्र उनके परिजनों को भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने चित्रकार के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चंद्रप्रकाश गुप्ता अत्यंत विनम्र स्वभाव के व्यक्ति हैं और जो भी कार्य करते हैं, पूरे मन और लगन से करते हैं। उनके द्वारा बनाए गए महात्मा गांधी के स्केच देश-विदेश में अत्यंत लोकप्रिय हैं। पांडेय ने यह भी स्वीकार किया कि कला के प्रति उनके भीतर जो भी जागरूकता और रुचि विकसित हुई है, उसका श्रेय वे चंद्रप्रकाश गुप्ता को ही देते हैं। वरिष्ठ पत्रकार जगदीश शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस पुस्तक में प्रस्तुत व्यक्ति-चित्र और उनके साथ दिया गया विवरण केवल एक कलाकार की कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि यह उनके हृदय में उठे श्रद्धा भाव, सैनिकों के साहस के प्रति विनम्र नमन और जीवन-स्मरण के स्थायी चिह्न हैं। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि यह पुस्तक उन परिवारों के प्रति भी एक मौन प्रणाम है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को राष्ट्र के चरणों में समर्पित किया। उन्होंने कहा—“शहादत केवल सीमा पर नहीं होती; वह हर उस घर में रोज़ घटित होती है, जहाँ एक ख़ाली कुर्सी रह जाती है—जो एक अधूरे सपने और गर्व से भरे आँसू की साक्षी बन जाती है।” उनके अनुसार, यह पुस्तक स्मृति, सम्मान और संकल्प का ऐसा संगम है, जो हमें यह याद दिलाता है कि हमने स्वतंत्रता में साँस लेना किन बलिदानों की कीमत पर पाया है। वरिष्ठ पत्रकार विनोद भारद्वाज ने कहा कि चंद्रप्रकाश गुप्ता की कला-यात्रा सन् 1999 के कारगिल युद्ध के बाद एक ऐसे भावनात्मक संकल्प में प्रवेश करती है, जिसकी मिसाल न केवल देश में बल्कि शायद पूरे विश्व में भी दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि यह कल्पना करना भी विस्मयकारी है कि कोई कलाकार शहीदों को श्रद्धांजलि देने को अपने पूरे जीवन का उद्देश्य बना ले। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक में चंद्रप्रकाश गुप्ता के अनेक भावभीने संस्मरण संकलित हैं—वे क्षण, जब उन्होंने शहीद परिवारों को चित्र भेंट करते समय भीतर तक संवेदना को महसूस किया। पुस्तक में मन को भिगो देने वाले अनेक प्रसंगों के साथ-साथ उन लोगों का भी उल्लेख है, जिन्होंने उनके इस राष्ट्रीय अभियान को सहयोग देकर इसे सार्थक बनाया। कार्यक्रम में क़लमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुस्तक-सेट भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित शहीदों के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण और भी भावुक व गरिमामय हो उठा। कार्यक्रम का सुस्पष्ट और संवेदनशील संचालन नवल पाण्डेय द्वारा किया गया। कुल मिलाकर, यह आयोजन केवल एक साहित्यिक-कला कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति सामूहिक कृतज्ञता, स्मरण और सम्मान का जीवंत दस्तावेज़ बन गया—जिसमें कला, संवेदना और राष्ट्रभाव एक साथ उपस्थित थे।

Rajasthan News: उद्योग और वाणिज्य विभाग में अब आवेदन होगें केवल ऑनलाइन

0
उद्योग और वाणिज्य विभाग की एक जिला एक उत्पाद नीति-2024, राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति-2024 और राजस्थान एमएसएमई नीति-2024 के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। अब एसएसओ आईडी या ईमित्र के माध्यम से आवेदन किए जा सकेंगे। उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि एक फरवरी से प्रारंभ हुई इस ऑनलाइन प्रक्रिया के क्रियान्वयन के लिए जिला महाप्रबंध कों निर्देश दिए गए हैं कि इन नीतियों के तहत अब ऑफलाइन आवेदन नहीं लिए जाएंगे। वही इन नीतियों के तहत अब तक जारी किए स्वीकृति आदेशों को भी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

C M NEWS: केन्द्रीय बजट युवा, महिला, गरीब और किसानों के उत्थान को समर्पित —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केन्द्रीय बजट 2026-27 के लिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट युवा, महिला, किसान, वंचित, गरीब और आम आदमी का बजट है। यह आर्थिक विकास, लोगों की आशाओं-आकांक्षाओं पर खरा उतरने और सबका साथ सबका विकास के तीन कर्तव्यों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि इस बजट ने राजस्थान को विकास की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती से जोड़ने का काम किया है। श्री शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट बताता है कि पूरा देश 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म एक्सप्रेस पर शानदार परफॉर्म कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को समर्पित इस बजट में युवाओं के लिए रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने वाले प्रावधान किए गए हैं। वही महिलाओं के लिए शी मार्ट, हर जिले में एक बालिका छात्रावास जैसे प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट में कैंसर की 17 दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी में छूट के साथ ही छोटे-बड़े उद्योगों, उत्पादकों, कारीगरों और कामगारों को वैश्विक बाजार में जाने के लिए नई दिशा दिखाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में सेमीकंडक्टर नीति और डेटा सेंटर नीति जारी की गई है। बजट में 40 हजार करोड़ रुपये से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के शुरू होने का फायदा राजस्थान को भी मिलेगा। इसी प्रकार डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विसेज क्षेत्र को इंसेंटिव दिए गए हैं, उनसे भी राजस्थान लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि मेगा टैक्सटाइल पार्क, 200 इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स और सोलर एवं माइनिंग क्षेत्र में की गई घोषणाओं से राज्य को विशेष रूप से फायदा मिलेगा। श्री शर्मा ने कहा कि वी बी-जी राम जी योजना में नरेगा की तुलना में 86 हजार करोड़ से बढ़ाकर 95 हजार 692 करोड़ राशि का आवंटन किया गया है। राजस्थान को इससे अतिरिक्त राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि पशुपालन राजस्थान की अर्थव्यवस्था का प्रमुख हिस्सा है। बजट में दी गई लोन लिंक्ड केपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी स्कीम का पशुपालकों को भरपूर लाभ मिलेगा।

C M NEWS: इंडिया स्टोनमार्ट से प्रदेश के पत्थर उद्योग को मिलेगा वैश्विक मंच —मुख्यमंत्री

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का पत्थर उद्योग निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य योजना बनाकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी इंडिया स्टोनमार्ट का आयोजन प्रदेश की स्टोन इंडस्ट्री को गति देने में अहम कड़ी साबित होगा। श्री शर्मा ने शनिवार को इंडिया स्टोनमार्ट-2026 (13वां संस्करण) की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विक्रेताओं को राजस्थान के पत्थर उद्योग की समृद्धता की पूरी जानकारी दी जाए। वहीं, उन्होंने स्टोनमार्ट में घरेलू और प्रवासी प्रतिभागिता को बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्टेट व कंट्री पेवेलियन की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टोनमार्ट में आयोजित होेने वाले जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल के जरिए प्रदेश के स्टोन व्यवसाय को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि बायर-सेलर मीट का आयोजन कार्य योजना के अनुसार किया जाए, जिससे प्रदेश के पत्थर उद्योग को निर्यात के नए अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शिल्पग्राम आयोजन से संबंधित जानकारी भी ली। उल्लेखनीय है कि फरवरी के प्रथम सप्ताह में आयोजित होेने वाले इंडिया स्टोनमार्ट-2026 में देश-विदेश के मार्बल, ग्रेनाइट, सेंड स्टोन, कोटा स्टोन, क्वार्ट्स स्टोन, स्लेट सहित विभिन्न स्टोन्स का प्रदर्शन होगा। साथ ही, स्टोन मशीनरी, उपकरण और भारी अर्थमूविंग मशीनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

Jaipur News: राजकीय अस्पताल में मरीज और डॉक्टर के बीच चले लात-घूंसे

0
जयपुर के राजकीय जयपुरिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला मरीज और डॉक्टर के बीच लात-घूंसे चलने का मामला संज्ञान में आया है। वहीं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का मामला थाने में दर्ज करवाया है। दूसरी और इस घटना पर रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार रेजिडेंट डॉक्टर संजना कुमारी ने अपनी रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि उसके साथ पूनम साहू नाम की मरीज ने हाथापाई की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वहीं चेहरे को नोचने का भी आरोप लगाया है। डॉक्टर ने बताया कि महिला और उसके परिजनों ने मना करने के बावजूद लेबर रूम में घुसने की कोशिश की। दूसरी ओर भागीरथ नगर गोपालपुरा निवासी पूनम साहू का रिपोर्ट में रेजिडेंट डॉक्टर संजना कुमारी पर आरोप लगाया है कि उसके पेट में तेज दर्द हो रहा था और वह जयपुरिया अस्पताल आई थी। इस दौरान उस को इमरजेंसी में दो इंजेक्शन लगाए और दस मिनट इंतजार करने को कहा। राहत नहीं मिली तो वह दोबारा डॉक्टर के गईं तो वे लोग आपस में गपशप और फोन पर बात करने में व्यस्थ थे। पूनम ने कहा कि मैंने उन्हे देखने के लिये कहा क्योंकि तेज दर्द हो रहा था। इस दौरान एक चिकित्सक ने कहा कि यहां तो ऐसा ही होगा, किसी दूसरे अस्पताल में दिखा लो। विरोध करने पर महिला गार्ड और तीन चार चिकित्सकों ने लेबर रूम में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। मामले में पुलिस और सरकार पर दवाब बनाने के लिये रेजिडेंट डॉक्टरों ने लाइलाज हथकंडे की चेतावनी है। डॉक्टरों ने कहा कि महिला को गिरफ्तार किया जाए, गलत व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो और सुरक्षा मुहैया करवाई जाए। कार्रवाई नहीं हुई तो डॉक्टर आंदोलन करेगें। वहीं जयपुरिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने मामले में कहा है कि माहौल खराब किया गया है। महिला का पूरा चेकअप किया गया था और वह गर्भवती भी नहीं थी। दूसरी ओर बजाज नगर के थाना प्रभारी पूनम चौधरी ने मामले में कहा है कि डॉक्टरों के कहने पर राजकार्य में बाधा की धारा लगी हुई है। उधर महिला के साथ भी मारपीट की गई है। महिला अस्पताल में भर्ती है। महिला की तरफ से भी मामला दर्ज किया जा चुका है।

C M NEWS: राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 2 सेवानिवृत्त अधिकारियों के विरूद्ध दी अभियोजन स्वीकृति

0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 19 के तहत राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 2 सेवानिवृत्त अधिकारियों के विरूद्ध न्यायिक प्रकरणों में पक्षकारों के साथ कूट-रचना करने और नियम विरूद्ध कार्यवाही करने के आरोपों में अभियोजन स्वीकृति जारी की है। श्री शर्मा ने राजस्थान गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सेवा के 1 अधिकारी द्वारा पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में भ्रष्ट और अवैध तरीकों को अपनाने के विरूद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को अभियोजन स्वीकृति प्रदान की है। इसी प्रकार सेवारत अधिकारियों के विरूद्ध संचालित वृहत्त शास्ति के अनुशासनात्मक कार्यवाही के 2 प्रकरणों में वेतन वृद्धियां रोके जाने के दण्ड को अनुमोदित किया व एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पेंशन रोकने का भी आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने 2 प्रकरणों में नियम 34 सीसीए के तहत पुनरावलोकन याचिका को खारिज करते हुए पूर्व प्रदत्त दण्ड को यथावत रखा तथा 1 प्रकरण में राहत प्रदान करते हुए विभागीय जांच कार्यवाही को प्रस्ताव स्तर पर ही समाप्त किए जाने का अनुमोदन किया है।

India Stonemart 2026: जयपुर में 5 से 8 फरवरी तक होगा इंडिया स्टोनमार्ट 2026 आयोजन

0
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट के आयोजन से राजस्थान के पत्थर उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रदेश के कारीगरों को देश-विदेश में इस क्षेत्र की नवीनतम तकनीक की जानकारी मिल सकेगी। रीको, सीडोस और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह कार्यक्रम नीति संवाद, तकनीक और वैश्विक सहयोग का अंतरराष्ट्रीय मंच बनेगा। कर्नल राठौड़ ने शुक्रवार को इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान इस आयोजन में शामिल होने वाले देश-विदेश के प्रतिभागियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पत्थर उद्योग क्षेत्र से जुडे सभी हितधारकों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2000 में शुरू हुए इंडिया स्टोन मार्ट का इस वर्ष 13वां संस्करण है। यह अब तक का सबसे भव्य आयोजन होगा। इसमें चीन, तुर्की, ईरान, थाइलैंड, इटली सहित अन्य देशों से प्रदर्शक भी शामिल होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा जी, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक जी, RUDA की मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा अरोड़ा जी, CDOS के CEO मुकुल रस्तोगी जी, CDOS के चेयरमैन दीपक अजमेरा जी, लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह जी, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम जी मौजूद रहे | कर्नल राठौड़ ने बताया कि आयोजन में राजस्थान में एक जिला एक उत्पाद के तहत चयनित पत्थर के उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक विशेष पवैलियन बनाया जाएगा। इससे प्रदेश के इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इससे इन उत्पादों के निर्यात में वृद्धि होगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इंडिया स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा ने बताया कि इस बार इंडिया स्टोनमार्ट 2026 अपने इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होने जा रहा है। आयोजन लगभग 25,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसमें 539 स्टॉल्स लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संस्करण की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय भागीदारी है। पहली बार चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका जैसे 8 देशों से प्रदर्शक इंडिया स्टोनमार्ट में भाग ले रहे हैं। यह वैश्विक विश्वास और आयोजन की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाता है। इस दौरान श्री पारीक ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 एमएसएमई के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय वैश्विक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में यह आयोजन छोटे और मध्यम उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, नई तकनीक और निवेशकों से सीधे जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से एमएसएमई को न केवल व्यापारिक अवसर मिलते हैं, बल्कि नीति-संवाद और उद्योग से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी मिलता है। ग्रामीण गैर कृषि विकास अभिकरण (रूडा) की मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती मनीषा अरोड़ा ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 राज्य के शहरी विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिज़ाइन इकोसिस्टम को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि स्टोन इंडस्ट्री का उपयोग स्मार्ट सिटी, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनेबल आर्किटेक्चर में बढ़ाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम ने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 भारतीय स्टोन उद्योग के लिए नीति, व्यापार और वैश्विक विश्वास का एक मजबूत संगम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से न केवल उद्योग को नई दिशा मिलती है, बल्कि एमएसएमई को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खुद को तैयार करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री में संसाधन, कौशल और उद्यमशीलता की अपार संभावनाएं हैं, और इंडिया स्टोनमार्ट 2026 इन संभावनाओं को निवेश, निर्यात और रोजगार में बदलने का एक प्रभावी मंच सिद्ध होगा। यह कार्यक्रम जयपुर के जेईसीसी में 5 से 8 फरवरी तक होगा। लगभग 25,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में होने वाले आयोजन में कुल 539 स्टॉल्स के माध्यम से स्टोन, मशीनरी और वैल्यू-एडेड उत्पादों का प्रदर्शन होगा। वहीं इस दौरान जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टीवल का आयोजन भी होगा।

Jaipur News: जयपुर में ‘शौर्य और शहादत को सलाम’ पुस्तक का होगा विमोचन

0
राजस्थान के वीर शहीदों को पिछले 27 वर्षों से अपनी चित्रकारी के जरिए श्रद्धांजलि देने वाले प्रसिद्ध चित्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता की पुस्तक ‘शौर्य और शहादत को सलाम’ का लोकार्पण रविवार को होगा। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे राजस्थान चैंबर भवन के भैरोंसिंह शेखावत सभागार में आयोजित किया जाएगा। कलमकार मंच द्वारा प्रकाशित इस कृति में चित्रकार द्वारा शहीद परिवारों को तैलचित्र भेंट करने के संस्मरण और उनके मार्मिक अनुभवों को संजोया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य चुनाव आयुक्त राजेश्वर सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीजी बिपिन कुमार पांडे, डॉ. के.एल. जैन, विनोद भारद्वाज और जगदीश शर्मा उपस्थित रहेंगे। इस खास अवसर पर शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान भी किया जाएगा। यह पुस्तक मरूधरा के जांबाज सैनिकों के प्रति एक अनूठी ‘मौन श्रद्धांजलि’ है।

Rajasthan News: प्रदेश में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई— 43 हजार लीटर घी किया सीज

0
प्रदेश में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस के तहत गुरूवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार—मिलावट पर वार’ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 हजार लीटर से अधिक घी मिलावट के संदेह पर जब्त किया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला ने बताया कि जयपुर में श्याम विहार कॉलोनी, माचेड़ा स्थित फर्म गिरधर मिल्क फूड प्रोडक्ट भोग विनायक ब्राण्ड से घी का उत्पादन करती है। प्रतापगढ़ जिले में भोग विनायक ब्राण्ड घी के नमूने जांच रिपोर्ट में अनसेफ पाये गये थे। इस पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और अभिहित अधिकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने मैसर्स गिरधर मिल्क फूड प्रोडक्ट, माचेडा, जयपुर पर पहुंचकर जांच की तो पाया की फर्म का जो पता खाद्य अनुज्ञा पत्र और कार्यालय रिकॉर्ड में है, वहां पर नहीं होकर चोरी-​छिपे अन्य स्थान से घी का कारोबार कर रही थी, जो खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की पूर्ण अवहेलना है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने मौके पर पाया कि इस संस्थान पर एक अन्य फर्म जिसका नाम श्याम मिल्क फूड प्रोडक्ट है भी संचालित हो रही है। दोनों फर्मों के तीन गोदामों में भोग विनायक ब्राण्ड का 9065 लीटर घी विभिन्न पैकिंग साइज में, हरियाणा क्रीम ब्राण्ड का 17741 लीटर एवं नक्ष डेयरी ब्राण्ड का 16617 लीटर घी विभिन्न पैकिंग साइज में पाया गया। सभी ब्राण्ड के नमूने लेने के बाद इस 43 हजार 421 लीटर घी को मौके पर सीज किया गया। नमूनों की जांच के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अन्तर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि पूर्व में केंद्रीय प्रयोगशाला जयपुर की रिपोर्ट में भोग ​विनायक ब्राण्ड घी का नमूना जांच में अनसेफ पाया गया था। इस पर प्रदेशभर में बाजार से इस घी को तत्काल वापस लिए जाने के लिए आदेश जारी किए गए थे। फर्म के खिलाफ मिली अनियमितताओं के दृष्टिगत खाद्य अनुज्ञा पत्र निरस्त किये जाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

Rajasthan News; प्रदेश में गेहूँ विक्रय के लिये किसान 1 फ़रवरी से करवा सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

भारत सरकार द्वारा रबी विपणन सीजन 2026-27 हेतु गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य पच्चीस सौ पचासी रूपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राज्य के किसान अपनी उपज (गेहूँ) विक्रय हेतु पंजीयन 1 फरवरी 25 जून 2026 तक स्वयं अथवा ई-मित्र के माध्यम से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट https://food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘गेहूँ खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। पंजीयन हेतु किसान के पास अद्यतन जन आधार कार्ड अनिवार्य है। किसान को उसके द्वारा विक्रय की गई उपज का भुगतान उसके जन आधार से जुड़े हुए बैंक खाते में किया जाएगा। इसलिए किसान को जिस बैंक खाते में भुगतान प्राप्त करना है उस बैंक खाते को अपने जन आधार में जुड़वाना आवश्यक होगा। पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसान पंजीकरण व अन्य खरीद सम्बन्धी जानकारी एवं समस्याओं के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 पर राजकीय कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक सम्पर्क कर सकते हैं। किसान को खरीद संबंधी विभिन्न जानकारियों को एसएमएस के माध्यम से रजिस्टर्ड मोबाईल नम्बर पर समय-समय पर अवगत कराया जायेगा। राज्य में रबी विपणन सीजन 2026-27 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीद का कार्य 10 मार्च से 30 जून, 2026 तक किये जाने का निर्णय लिया गया है। गेहूँ खरीद कार्य हेतु राज्य में कुल 383 क्रय केंद्र स्थापित किये गये हैं। क्रय केन्द्रों की सूची खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट https://food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। किसानों से गेहूँ खरीद कार्य भारतीय खाद्य निगम, राजफेड, तिलम संघ, नाफेड एवं एनसीसीएफ के साथ इस वर्ष से राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से भी किया जायेगा।